विश्व माहवारी दिवस पर जागरुकता अभियान, किशोरियों ने निकाली रैली
वाराणसी। विश्व माहवारी दिवस के अवसर पर बुधवार को कोरौता बाजार में यूनिटी फाउंडेशन ऊंचगांव के बैनर तले जागरूकता बैठक एवं रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किशोरियों और महिलाओं ने भाग लेकर माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरुकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ यूनिटी फाउंडेशन के डायरेक्टर कन्हैया लाल ने किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के माहवारी चक्र का मानव जीवन के जन्म में महत्वपूर्ण योगदान होता है। इसी उद्देश्य से हर वर्ष 28 मई को विश्व माहवारी दिवस मनाया जाता है, ताकि महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा सके।
कार्यक्रम में कोरौता जन आरोग्य मंदिर की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी प्रिया मल्ल ने किशोरियों और महिलाओं को मासिक धर्म चक्र से जुड़ी आवश्यक जानकारियां दीं। उन्होंने माहवारी के दौरान साफ-सफाई बनाए रखने, पौष्टिक आहार लेने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने माहवारी से जुड़े सामाजिक भ्रम और झिझक को दूर करने पर भी जोर दिया।
बैठक के बाद महिलाओं और किशोरियों ने कार्यालय परिसर से सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा तक जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान लोगों को माहवारी स्वच्छता और महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का संचालन उर्मिला ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन निर्मला ने प्रस्तुत किया।