वाराणसी में महाष्टमी-नवमी पर भी खुले रहेंगे टैक्स काउंटर, 31 मार्च तक सरचार्ज में छूट

नगर निगम ने करदाताओं को राहत देते हुए बड़ा फैसला लिया है। जलकर पर सरचार्ज माफी की अंतिम तिथि 31 मार्च नजदीक होने के कारण 26 व 27 मार्च (महाष्टमी एवं महानवमी) के सार्वजनिक अवकाश पर भी टैक्स कलेक्शन सेंटर खुले रहेंगे। इस दौरान नागरिक अपने गृहकर, जलकर और सीवरकर का भुगतान आसानी से कर सकेंगे।
 

वाराणसी। नगर निगम ने करदाताओं को राहत देते हुए बड़ा फैसला लिया है। जलकर पर सरचार्ज माफी की अंतिम तिथि 31 मार्च नजदीक होने के कारण 26 व 27 मार्च (महाष्टमी एवं महानवमी) के सार्वजनिक अवकाश पर भी टैक्स कलेक्शन सेंटर खुले रहेंगे। इस दौरान नागरिक अपने गृहकर, जलकर और सीवरकर का भुगतान आसानी से कर सकेंगे।

नगर निगम के अनुसार, वित्तीय वर्ष के अंतिम महीने में कर जमा करने वालों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था लागू की गई है। निगम मुख्यालय के साथ-साथ सभी जोनल कार्यालयों में स्थित टैक्स काउंटर इन दोनों दिनों में भी सामान्य रूप से कार्य करेंगे। इसके अलावा, 31 मार्च तक सभी टैक्स कलेक्शन सेंटरों को शाम 7:00 बजे तक खुले रखने का निर्णय लिया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने भवन स्वामियों से अपील की है कि वे अंतिम समय की भीड़ और संभावित जुर्माने से बचने के लिए समय रहते अपने करों का भुगतान कर दें। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जलकर पर सरचार्ज में छूट का यह अंतिम अवसर है, जिसके बाद किसी प्रकार की राहत नहीं दी जाएगी।

निगम ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि के बाद अगले वित्तीय वर्ष 2026-27 में सभी बकाया करों पर ब्याज जोड़कर वसूली की जाएगी और डिफाल्टरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, दुकानों के किराए और लाइसेंस शुल्क जैसे करेत्तर मदों में देरी होने पर मूल राशि पर सीधे 50 प्रतिशत तक का विलंब शुल्क लगाया जाएगा।