31 अगस्त तक शत-प्रतिशत किसानों की फॉर्मर आईडी बनाने का लक्ष्य, सीडीओ ने कैंप का किया निरीक्षण
वाराणसी। किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) प्रखर कुमार सिंह ने चोलापुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत देईपुर स्थित ग्राम पंचायत सचिवालय में संचालित फॉर्मर रजिस्ट्री कैंप का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रजिस्ट्री की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी चोलापुर शिव प्रताप, उप निदेशक कृषि अमित जायसवाल सहित फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य में लगाए गए कर्मचारी संतोष प्रजापति, आकाश साहनी और केशव प्रसाद यादव मौजूद रहे। सीडीओ ने कैंप में किसानों की फॉर्मर आईडी बनाने की प्रक्रिया और अब तक हुई प्रगति की जानकारी ली। संबंधित लेखपाल सतीश चंद्र ने बताया कि ग्राम पंचायत देईपुर की खतौनी में कुल 177 गाटे दर्ज हैं। इनमें 157 खातेदार शामिल हैं। अब तक 60 किसानों की फॉर्मर आईडी बनाई जा चुकी है। शेष पात्र किसानों की फॉर्मर आईडी बनाने के लिए प्रशासन की ओर से अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है।
सीडीओ प्रखर कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्राम पंचायत के सभी शेष पात्र किसानों से संपर्क कर उनकी फॉर्मर आईडी बनाने की प्रक्रिया जल्द पूरी कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि 31 अगस्त 2026 तक पात्र किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि अवशेष किसानों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क स्थापित कर उन्हें ग्राम पंचायत सचिवालय में संचालित कैंप तक लाया जाए। किसानों को फॉर्मर रजिस्ट्री के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग दिया जाए, ताकि किसी पात्र किसान की आईडी बनने से वह वंचित न रहे।
सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा कराने के लिए नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने फॉर्मर रजिस्ट्री की प्रगति की लगातार समीक्षा करने और लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया। प्रशासन का लक्ष्य निर्धारित तिथि तक सभी पात्र किसानों की फॉर्मर आईडी तैयार करना है।