गोएलएक्स वेबसाइट से गाय खरीदेंगे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद, ओएलएक्स की तर्ज पर बनेगी नई वेबसाइट, गौसंरक्षण के लिए विशेष पहल  

ज्योतिष्पीठाधीश्वर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गौ संरक्षण को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि गौमाता को कटने से बचाने के उद्देश्य से पूरे देश में एक विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत गाय खरीदने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए ओएलएक्स की तर्ज पर “गोएलएक्स” नाम से एक वेबसाइट शुरू की जाएगी, जहां गाय बेचने के इच्छुक लोग संपर्क कर सकेंगे और गौवंश को संरक्षण के लिए खरीदा जाएगा।
 

वाराणसी। ज्योतिष्पीठाधीश्वर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गौ संरक्षण को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि गौमाता को कटने से बचाने के उद्देश्य से पूरे देश में एक विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत गाय खरीदने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए ओएलएक्स की तर्ज पर “गोएलएक्स” नाम से एक वेबसाइट शुरू की जाएगी, जहां गाय बेचने के इच्छुक लोग संपर्क कर सकेंगे और गौवंश को संरक्षण के लिए खरीदा जाएगा।

शंकराचार्य ने कहा कि हिंदू समाज कभी भी जानबूझकर गौमाता को कसाइयों के हाथों नहीं सौंपता। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में एक “झूठा नैरेटिव” फैलाया जा रहा है कि मुसलमानों द्वारा गाय न खरीदने से हिंदू व्यापारियों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी हिंदू को यह जानकारी हो जाए कि गाय को काटा जाएगा, तो वह किसी भी कीमत पर उसे नहीं बेचेगा।

उन्होंने कहा कि इन दिनों कुछ समाचार चैनलों और चर्चाओं में यह दिखाया जा रहा है कि मुस्लिम समुदाय द्वारा गाय न खरीदे जाने से हिंदू व्यापारी परेशान हैं। शंकराचार्य ने इसे भ्रामक बताते हुए कहा कि हिंदू गाय का व्यापार सेवा और पालन-पोषण के उद्देश्य से करते हैं, न कि वध के लिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति गौहत्या के उद्देश्य से व्यापार करता है तो वह “हिंदू लक्षणों” के अनुरूप नहीं है।

उन्होंने दावा किया कि कुछ लोग हिंदुओं जैसे नाम रखकर गायों का व्यापार करते हैं, ताकि पकड़े जाने पर हिंदू समाज को बदनाम किया जा सके। शंकराचार्य ने कहा कि यदि मुस्लिम समाज गाय खाना छोड़ देता है तो इससे सामाजिक सौहार्द बेहतर होगा और आपसी वैमनस्य भी काफी हद तक कम हो सकता है।

उन्होंने बताया कि गौमाता की रक्षा और उन्हें “राज्यमाता” घोषित कराने की मांग को लेकर 81 दिवसीय “गविष्ठी धर्मयुद्ध यात्रा” निकाली जा रही है। इस अभियान के दौरान उन्हें कई मुस्लिम समुदाय के लोगों का भी समर्थन मिला है। उनके अनुसार कई लोगों ने कहा कि उनके धर्म में गाय खाना अनिवार्य नहीं है और सरकार को गौ संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

शंकराचार्य ने कहा कि “गोएलएक्स” योजना के तहत यदि कोई व्यक्ति गाय बेचना चाहता है तो उनकी संस्था और गौसेवा से जुड़े लोग उस गाय को खरीदेंगे। उन्होंने बताया कि इस योजना को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और जल्द ही वेबसाइट लॉन्च कर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।