स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को जान से मारने की धमकी, भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज, ऑडियो की जांच कर रही पुलिस
वाराणसी। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को जान से मारने मामले में भेलूपुर थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से प्रशासन सतर्क हो गया है और मामले को प्राथमिकता के आधार पर देखा जा रहा है। पुलिस ऑडियो के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के शिष्य परमात्मानंद की ओर से भेलूपुर थाने में तहरीर दी गई थी। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि बुधवार को स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर धमकी दी। कॉल करने वाले ने कथित तौर पर कहा कि उनकी हत्या कुख्यात माफिया अतीक अहमद की तरह कर दी जाएगी, जिससे आश्रम और अनुयायियों में चिंता का माहौल बन गया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(4) और 352 के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही, धमकी से जुड़े ऑडियो की जांच भी शुरू कर दी गई है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि पुलिस टीम तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि ऑडियो की जांच कराई जा रही है और कॉल डिटेल्स के जरिए आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही मामले का खुलासा करने की बात भी कही गई है।