सारनाथ में नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध हाल में मौत, बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र में बुधवार को एक 19 वर्षीय नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। छात्रा का शव एक निजी अपार्टमेंट स्थित बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर लहूलुहान अवस्था में मिला। उसके निजी अंगों से रक्तस्राव हो रहा था और कपड़े खून से भीगे हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान फलक खातून (19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सारनाथ स्थित एक नर्सिंग कॉलेज में जीएनएम (जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी) द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। उसके पिता अब्दुल कादिर खां उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही हैं और वर्तमान में चंदौली जनपद के बलुआ थाने में तैनात हैं। परिवार सारनाथ थाना परिसर स्थित पुलिस कॉलोनी में रहता है।
सुबह कॉलेज जाने की बात कहकर निकली थी छात्रा
परिजनों के अनुसार फलक बुधवार सुबह करीब नौ बजे घर से कॉलेज जाने की बात कहकर निकली थी। वह अपने साथ टिफिन भी लेकर गई थी। बताया जा रहा है कि टिफिन दो लोगों के भोजन के लिए तैयार कराया गया था। इसके बाद वह सारनाथ क्षेत्र स्थित एक पांच मंजिला अपार्टमेंट पहुंची, जहां बॉयज हॉस्टल संचालित होता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार करीब साढ़े ग्यारह बजे भवन में अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। मरम्मत के लिए पहुंचे एक इलेक्ट्रीशियन ने सीढ़ियों पर छात्रा को गंभीर हालत में देखा। उसके शरीर से अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। तत्काल उसे पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हॉस्टल में दो घंटे तक रहने की चर्चा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा सुबह करीब 9:20 बजे अकेले हॉस्टल परिसर में दाखिल हुई थी। गार्ड के अनुसार वह सीधे एक कमरे में गई और करीब दो घंटे तक वहीं रही। हैरानी की बात यह है कि जिस टिफिन में भोजन लेकर वह पहुंची थी, वह वापस पूरी तरह भरा हुआ मिला।
गार्ड ने यह भी बताया कि छात्रा पिछले दो दिनों से लगातार हॉस्टल परिसर में देखी जा रही थी। मंगलवार को भी वह परिसर में काफी देर तक घूमती रही थी और कई बार परिसर के भीतर तथा बाहर चक्कर लगाती दिखाई दी थी। इससे यह सवाल उठ रहा है कि वह आखिर किससे मिलने वहां पहुंच रही थी।
मोबाइल फोन गायब, पुलिस खंगाल रही कॉल डिटेल
घटना के बाद से छात्रा का मोबाइल फोन गायब बताया जा रहा है। पुलिस को घटनास्थल से उसका बैग, एप्रन और कुछ दवाइयां मिली हैं, लेकिन मोबाइल बरामद नहीं हुआ है। जांच टीम अब मोबाइल की तलाश के साथ-साथ कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और छात्रा के हाल के संपर्कों की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि छात्रा हॉस्टल में किससे मिलने आई थी और उसके साथ अंतिम समय में कौन लोग मौजूद थे।
पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी, दो डॉक्टरों के पैनल ने किया परीक्षण
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम दो डॉक्टरों के पैनल से कराया है। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई है ताकि जांच में किसी प्रकार की शंका न रहे। थाना प्रभारी सारनाथ पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।