कानपुर में NEET अभ्यर्थी की संदिग्ध मौत: मिर्जामुराद के छात्र का शव फंदे से मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के गणेशपुर (बेनीपुर) निवासी 22 वर्षीय छात्र अमित पटेल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। उसका शव कानपुर के पनकी इलाके में किराए के कमरे में फांसी पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि अमित पिछले दो वर्षों से कानपुर में रहकर NEET की तैयारी कर रहा था। वह पनकी स्थित गणेश शंकर विद्यार्थी नगर में अपने बड़े भाई अजीत के साथ किराए के मकान में रहता था। अजीत पीएसआईटी में बीटेक अंतिम वर्ष का छात्र है। घटना के समय वह किसी कारणवश गांव आया हुआ था।
सोमवार देर रात जब अजीत वापस कमरे पर पहुंचा, तो उसने अपने छोटे भाई अमित को फंदे से लटका पाया। यह दृश्य देख उसके होश उड़ गए और उसने शोर मचाया। मौके पर मकान मालिक और आसपास के लोग पहुंचे। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
परिजनों के अनुसार, रविवार को नीट परीक्षा देने के बाद अमित ने अपनी बहन से बातचीत की थी। उसने बताया था कि उसका पेपर अच्छा हुआ है और उसे चयन की पूरी उम्मीद है। उसने जल्द ही घर आने की बात भी कही थी। ऐसे में उसकी अचानक मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
मृतक के बड़े भाई अरविंद ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि जिस मकान में अमित रह रहा था, वहां ग्राउंड फ्लोर पर पिछले कुछ दिनों से कुछ मजदूर काम कर रहे थे। परिजनों को शक है कि उन्हीं लोगों ने किसी कारणवश अमित की हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया।