शिवपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पारिवारिक विवाद की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

शिवपुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर इलाके में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि 37 वर्षीय रीता देवी ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
 

वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर इलाके में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि 37 वर्षीय रीता देवी ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। मृतका अपने पीछे 12 वर्षीय बेटे और 10 वर्षीय बेटी को छोड़ गई हैं। मां की अचानक मौत से दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

मृतका के पिता मुन्नीलाल, निवासी जनपद गाजीपुर, ने पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच की मांग की है। तहरीर में उन्होंने परिवार के भीतर लंबे समय से तनाव और विवाद की बात कही है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।