NEET 2026 पेपर लीक के विरोध में BHU में छात्रों का प्रदर्शन, NTA और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी
वाराणसी। NSUI BHU Unit द्वारा शनिवार को नीट 2026 प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के एमएमवी तिराहा पर आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) तथा केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप था कि देश की सबसे महत्वपूर्ण मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में शामिल नीट परीक्षा में लगातार प्रश्नपत्र लीक की घटनाएं सामने आना शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। छात्रों ने कहा कि लाखों अभ्यर्थी कठिन मेहनत और ईमानदारी से परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं से उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने “शिक्षा बेचना बंद करो” और “30 लाख में सीट बेचना बंद करो” जैसे नारे लगाए। छात्रों का कहना था कि शिक्षा व्यवस्था को धीरे-धीरे व्यवसाय का रूप दिया जा रहा है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के विद्यार्थियों के सपनों पर सबसे ज्यादा असर पड़ रहा है। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने मांग की कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी को तत्काल भंग किया जाए और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें। साथ ही छात्रों ने नीट परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुरक्षा बढ़ाने तथा पेपर लीक में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई।
छात्र नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन केवल एक परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था में भरोसे का सवाल है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी और छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान प्रिंस, आलोक, प्रियदर्शन मीणा, सुमन, अरमान, प्रदीप, जितेंद्र, शंतनु, रजत, नीरज, राहुल, विवेक, अर्पित, दीपक, रावत, सुमित समेत कई छात्र मौजूद रहे।