सिगरा कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई, निर्माण एजेंसी पर 5 लाख का जुर्माना

नगर निगम ने सिगरा स्थित निर्माणाधीन कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में अनियमितताएं मिलने पर बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संयुक्त रूप से परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में गुणवत्ता और मानकों की अनदेखी पाए जाने पर नगर आयुक्त ने संबंधित कार्यदायी संस्था पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया।
 

वाराणसी। नगर निगम ने सिगरा स्थित निर्माणाधीन कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में अनियमितताएं मिलने पर बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संयुक्त रूप से परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में गुणवत्ता और मानकों की अनदेखी पाए जाने पर नगर आयुक्त ने संबंधित कार्यदायी संस्था पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया।

निरीक्षण के दौरान महापौर और नगर आयुक्त ने निर्माण स्थल की व्यवस्थाओं और कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया। मौके पर कई तकनीकी खामियां और निर्माण कार्य में लापरवाही सामने आने पर दोनों अधिकारियों ने नाराजगी जताई। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शहर के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने निर्माण कार्य की तकनीकी बारीकियों की समीक्षा के दौरान पाया कि कार्यदायी संस्था द्वारा निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। इसके बाद उन्होंने तत्काल प्रभाव से पांच लाख रुपये की पेनाल्टी लगाने का निर्देश दिया। साथ ही अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान कॉम्प्लेक्स के लेआउट और अब तक हुए निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को आवश्यक सुधार जल्द कराने के निर्देश दिए।

महापौर ने कहा कि सिगरा स्थित यह कमर्शियल कॉम्प्लेक्स शहर की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है, जिसे आम जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है। इसलिए निर्माण कार्य में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखना बेहद जरूरी है। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के वरिष्ठ अभियंता समेत अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।