वाराणसी में टैक्स बकायेदारों पर सख्ती, 1 अप्रैल से शुरू होगी कुर्की-नीलामी
वाराणसी। नगर निगम ने जलकर, सीवर कर और गृहकर के बकायेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। निगम प्रशासन के अनुसार, सरचार्ज (ब्याज) में 100 प्रतिशत छूट की अंतिम तिथि 31 मार्च है और इसके बाद बकाया न जमा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि शहर में करीब 83 हजार भवनों को चिह्नित किया गया है, जिन पर विभिन्न करों का बकाया है। इन सभी भवन स्वामियों के खिलाफ 1 अप्रैल से कुर्की, जब्ती और नीलामी की कार्रवाई शुरू की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि 31 मार्च की रात 12 बजे तक ही छूट का लाभ मिलेगा, इसके बाद पूर्ण सरचार्ज वसूला जाएगा।
करदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 31 मार्च को सार्वजनिक अवकाश होने के बावजूद नगर निगम मुख्यालय और सभी जोनल कार्यालयों के टैक्स कलेक्शन सेंटर रात 9 बजे तक खुले रखने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे लोग घर बैठे अपने बकाए का भुगतान कर सकते हैं।
नगर निगम ने दुकान किराया और लाइसेंस शुल्क को लेकर भी कड़ा रुख अपनाया है। यदि 31 मार्च तक इनका भुगतान नहीं किया गया, तो बकाया राशि पर सीधे 50 प्रतिशत का विलंब शुल्क लगाया जाएगा। साथ ही बार-बार नोटिस के बावजूद भुगतान न करने वाले दुकानदारों और लाइसेंसधारियों के प्रतिष्ठानों को सील करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
नगर निगम के अनुसार, अब तक 1.48 लाख से अधिक भवन स्वामियों ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए करीब 185.78 करोड़ रुपये का कर जमा किया है। निगम प्रशासन ने ऐसे करदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि ईमानदारी से कर भुगतान करने वालों को ही सरचार्ज माफी का पूरा लाभ मिल रहा है।
जोनवार आंकड़ों के अनुसार आदमपुर, भेलूपुर, दशाश्वमेध, कोतवाली, वरुणापार और सारनाथ समेत विभिन्न क्षेत्रों में हजारों भवनों पर करोड़ों रुपये का बकाया है। कुल मिलाकर करीब 83 हजार भवनों पर लगभग 18 करोड़ रुपये का बकाया दर्ज किया गया है।
जोनवार बकाया की स्थिति नगर निगम ने उन 83,000 से अधिक भवनों का डेटा तैयार किया है, जिन पर अब शीघ्र कार्रवाई की तलवार लटक रही है। मुख्य जोनवार विवरण इस प्रकार है।
जोन का नाम भवनों की संख्या बकाया धनराशि (करोड़ में)
आदमपुर 15,800 5.80
भेलूपुर 16,300 0.55
दशाश्वमेध 14,200 5.20
कोतवाली 4,600 1.70
वरूणापार 12,300 1.10
सारनाथ 16,650 3.65
ऋषि माण्डवी 3,000 ----
रामनगर 150 -----
कुल योग 83,000 18.00