सिगरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शुरू हुई अत्याधुनिक जिम सुविधा, 62 लाख से तैयार हुआ फिटनेस सेंटर
एचडीएफसी बैंक के सहयोग से तैयार जिम का महापौर ने किया लोकार्पण, खिलाड़ियों को एक ही परिसर में मिलेंगी आधुनिक फिटनेस सुविधाएं
वाराणसी। काशी के खिलाड़ियों और फिटनेस प्रेमियों को अब शहर के मध्य ही आधुनिक जिम की सुविधा मिलेगी। डॉ. सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (सिगरा) में एचडीएफसी बैंक के सहयोग से करीब 62 लाख रुपये की लागत से तैयार अत्याधुनिक जिम का बुधवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने लोकार्पण किया। जिम में खिलाड़ियों की जरूरत के अनुरूप कार्डियो, स्ट्रेंथ और बॉडी फिटनेस से जुड़े आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं।
लोकार्पण समारोह में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि सिगरा स्टेडियम का मौजूदा स्वरूप काशी में खेल सुविधाओं के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि आधुनिक खेल परिसर और प्रशिक्षण सुविधाओं से काशी के खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिल रहा है। उन्होंने साई सिगरा के निशानेबाज कमलजीत की एशियाई खेलों में 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक उपलब्धि का भी उल्लेख किया।
महापौर ने कहा कि काशी में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सिगरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के साथ गंजारी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और लालपुर स्टेडियम का विकास भी महत्वपूर्ण है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि सिगरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एक ही छत के नीचे 21 प्रकार के खेलों की सुविधाएं उपलब्ध हैं। अब अत्याधुनिक जिम के जुड़ने से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के साथ फिटनेस और स्ट्रेंथ कंडीशनिंग के लिए भी आधुनिक संसाधन एक ही स्थान पर मिलेंगे।
ये सुविधाएं हैं खास
जिम में कर्व्ड ट्रेडमिल, एयर रोवर, क्रॉस ट्रेनर, स्पिन बाइक, स्की मशीन, लेग और चेस्ट प्रेस के साथ शोल्डर प्रेस, लैट पुल डाउन, स्क्वैट रैक, डेडलिफ्ट प्लेटफॉर्म, केबल क्रॉसओवर, हिप थ्रस्ट, एब्डोमिनल क्रंच और रोटेशन मशीनें लगाई गई हैं। इसके अलावा बैटल रोप, ओलंपिक रॉड, डंबल रैक, लेदर मैट और फुल बॉडी मसाज रिक्लाइनर सोफा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
कार्यक्रम में उपसभापति नरसिंह दास, पार्षद सिंधू सोनकर, राजकपूर चौधरी, मो. कासिम खां, स्मार्ट सिटी के मुख्य महाप्रबंधक अमरेंद्र तिवारी, एचडीएफसी बैंक के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट मनीष टंडन सहित खिलाड़ी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।