लंका पुलिस की बड़ी कार्रवाई, डांफी टोल प्लाजा पर अंतरराज्यीय तस्करों को पकड़ा, 16 गोवंश कराया मुक्त
वाराणसी। लंका थाना पुलिस ने गोवंश तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। सोमवार तड़के डाफी टोल प्लाजा के पास की गई कार्रवाई में पुलिस ने चार तस्करों को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 गाय, पांच अन्य गोवंश सहित कुल 16 गोवंश तथा तस्करी में प्रयुक्त एक आइसर डीसीएम वाहन (सीजी-04-पीई-1852) बरामद किया है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं गोवंश तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अभियान का संचालन पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन और सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक लंका राजकुमार के नेतृत्व में किया गया।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह लगभग चार बजे रमना स्थित डाफी टोल प्लाजा पर वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध डीसीएम को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन में अत्यंत क्रूर तरीके से 16 गोवंश लदे मिले। मौके पर मौजूद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उनके साथ मौजूद 17 वर्षीय किशोर को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत अभिरक्षा में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के सीधी जिले के शिवेन्द्र सिंह, छोटू सिंह, छत्तीसगढ़ के कोरबा निवासी अभिषेक तिवारी तथा प्रतापगढ़ निवासी आशू खरवार के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से गोवंश एकत्र कर बिहार ले जाकर बेचते थे। प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि पूरे नेटवर्क का संचालन 'हेमंत' नामक व्यक्ति करता है, जो छत्तीसगढ़ का निवासी बताया जा रहा है। वही उन्हें गोवंश एकत्र करने, परिवहन का रूट तय करने और गंतव्य तक पहुंचाने के निर्देश देता था।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे पहले भी कई बार इसी तरह गोवंश की तस्करी कर चुके हैं और हर बार पुलिस से बच निकलते थे। इस बार वे 16 गोवंश लेकर बिहार जा रहे थे, लेकिन लंका पुलिस की सतर्कता के चलते गिरफ्तार हो गए। मामले में थाना लंका पर गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3, 5(ए), 5(बी), 8 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अनिल कुमार कर रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि गिरोह के फरार सरगना हेमंत सहित अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस अंतरराज्यीय नेटवर्क के तार किन राज्यों तक फैले हैं और अब तक इस गिरोह ने कितनी बार गोवंश तस्करी की घटनाओं को अंजाम दिया है।