स्पाइसजेट की पुणे-वाराणसी उड़ान 14 नवंबर तक बंद, दिल्ली से आने वाली फ्लाइट भी 4 घंटे 35 मिनट विलंब से पहुंची

बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से स्पाइसजेट की विमान सेवाएं परिचालन संबंधी कारणों से प्रभावित हो रही हैं। पुणे और वाराणसी के बीच संचालित होने वाली स्पाइसजेट की उड़ान को 14 नवंबर तक रोक दिया गया है। इससे इस रूट पर हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
 

वाराणसी। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से स्पाइसजेट की विमान सेवाएं परिचालन संबंधी कारणों से प्रभावित हो रही हैं। पुणे और वाराणसी के बीच संचालित होने वाली स्पाइसजेट की उड़ान को 14 नवंबर तक रोक दिया गया है। इससे इस रूट पर हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

पुणे और वाराणसी के बीच संचालित स्पाइसजेट की उड़ान संख्या एसजी-525 का परिचालन 14 नवंबर तक स्थगित किया गया है। स्पाइसजेट के प्रबंधक राजेश सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि परिचालन संबंधी कारणों से उड़ान का संचालन रोकने का निर्णय लिया गया है। वहीं, दिल्ली से वाराणसी आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट संख्या एसजी-9033 भी बृहस्पतिवार को निर्धारित समय से चार घंटे 35 मिनट विलंब से पहुंची। विमान के देर से पहुंचने के कारण यात्रियों को एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा।

पुणे-वाराणसी रूट पर स्पाइसजेट की उड़ान संख्या एसजी-525 पहले पुणे से दोपहर 3:44 बजे वाराणसी पहुंचती थी। इसके 14 नवंबर तक स्थगित रहने से यात्रियों को वैकल्पिक विमान सेवाओं पर निर्भर रहना पड़ेगा।