पुलिस पेंशनर्स की समस्याओं का त्वरित निस्तारण, दो सप्ताह से अधिक लंबित नहीं रहेगी कोई फाइल, पुलिस आयुक्त ने गोष्ठी में दिए निर्देश
वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बुधवार को यातायात पुलिस लाइन स्थित सभागार में पुलिस पेंशनर्स के साथ गोष्ठी आयोजित कर उनकी समस्याओं, सुझावों और कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पेंशनर्स से संबंधित मामलों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
गोष्ठी में पुलिस पेंशनर्स एसोसिएशन के सदस्यों ने अपनी समस्याएं और सुझाव पुलिस आयुक्त के समक्ष रखे। पुलिस आयुक्त ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि पेंशनर्स के मेडिकल प्रतिपूर्ति बिलों एवं अन्य कल्याणकारी प्रकरणों से जुड़ी कोई भी फाइल पुलिस स्तर पर दो सप्ताह से अधिक लंबित नहीं रहनी चाहिए। सभी मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से निस्तारण किया जाए।
बैठक के दौरान पुलिस पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष के रूप में पुनः निर्वाचित हुए सेवानिवृत्त डिप्टी एसपी सूर्यबली सिंह को पुलिस आयुक्त ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उनके सफल कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि पेंशनर्स का अनुभव विभाग के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। इस अवसर पर पुलिस पेंशनर शिशिर द्विवेदी ने अपनी पुत्री आकांक्षा द्विवेदी द्वारा लिखित पुस्तक "Redefining Womanhood in India" पुलिस आयुक्त को भेंट की। पुस्तक प्राप्त करने पर पुलिस आयुक्त ने लेखिका को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गोष्ठी में साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों पर भी चर्चा हुई। पुलिस आयुक्त ने उपस्थित पेंशनर्स को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सलाह देते हुए समाज में भी साइबर जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में सतर्कता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस आयुक्त ने सभी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के योगदान के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुखद जीवन की कामना की। गोष्ठी में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त लाइन/मुख्यालय प्रमोद कुमार, पुलिस पेंशनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।