देव दीपावली पर गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए योगी सरकार की विशेष तैयारी, एनडीआरएफ की टीमें संभालेंगी मोर्चा

कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित होने वाले देव दीपावली महापर्व में काशी के गंगा घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए योगी सरकार ने सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। अरुणोदय से ही जहां श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाएंगे, वहीं शाम को अर्धचंद्राकार घाटों पर सजे दीपों की अद्भुत छटा निहारने के लिए देश-विदेश से पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचेंगे। गंगा स्नान, घाटों पर दर्शन और नौका विहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने तथा आपात स्थिति में तत्काल सहायता पहुंचाने के लिए एनडीआरएफ की टीमें मुस्तैद रहेंगी।
 

देव दीपावली पर काशी के घाटों की सुरक्षा संभालेंगी एनडीआरएफ की 9 टीमें, 24 घंटे रहेगी मुस्तैदी

गंगा में लगातार होगी पेट्रोलिंग, आधुनिक उपकरणों और मेडिकल टीम के साथ तैनात रहेंगे प्रशिक्षित जवान

वाराणसी,22 नवंबर। कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित होने वाले देव दीपावली महापर्व में काशी के गंगा घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए योगी सरकार ने सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। अरुणोदय से ही जहां श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाएंगे, वहीं शाम को अर्धचंद्राकार घाटों पर सजे दीपों की अद्भुत छटा निहारने के लिए देश-विदेश से पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचेंगे। गंगा स्नान, घाटों पर दर्शन और नौका विहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने तथा आपात स्थिति में तत्काल सहायता पहुंचाने के लिए एनडीआरएफ की टीमें मुस्तैद रहेंगी।

प्रमुख घाटों पर तैनात रहेंगी एनडीआरएफ की 9 टीमें

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 11वीं बटालियन एनडीआरएफ की कुल नौ टीमें शहर के प्रमुख घाटों पर तैनात की जाएंगी। इनमें नमो घाट, गायघाट, सिंधिया घाट, राजेंद्र प्रसाद घाट, चौसट्टी घाट, हनुमान घाट, दशाश्वमेध घाट, तुलसी घाट और सामने घाट सहित अन्य प्रमुख घाट शामिल हैं। प्रत्येक टीम के साथ मेडिकल स्टाफ भी मौजूद रहेगा, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल प्राथमिक उपचार और राहत उपलब्ध कराई जा सके।

आधुनिक उपकरणों से लैस होंगे प्रशिक्षित जवान

11वीं बटालियन एनडीआरएफ के कमांडिंग ऑफिसर अनूप सिंह बिष्ट ने बताया कि वाराणसी के गंगा घाटों पर तैनात प्रत्येक टीम में 30 से 35 प्रशिक्षित बचावकर्मी शामिल होंगे। टीमें रेस्क्यू मोटर बोट, वाटर एंबुलेंस, लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय, प्रशिक्षित गोताखोरों, पैरामेडिकल स्टाफ, ऑक्सीजन सिलेंडर और अन्य आधुनिक जीवनरक्षक उपकरणों से लैस रहेंगी। इनकी मदद से नदी में किसी भी दुर्घटना या आपात स्थिति के दौरान तत्काल बचाव अभियान चलाकर श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला जा सकेगा।

24 घंटे अलर्ट मोड में रहेंगे जवान, गंगा में होगी लगातार पेट्रोलिंग

कमांडिंग ऑफिसर ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए वाहिनी मुख्यालय में एनडीआरएफ के जवान 24 घंटे अलर्ट मोड में रहेंगे। इसके साथ ही गंगा नदी में लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी। इससे किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव अभियान तत्काल शुरू किया जा सकेगा।