NEET RE-Exam के बाद वाराणसी स्टेशन पर विशेष इंतजाम, मुफ्त स्पेशल ट्रेन से भेजे गए अभ्यर्थी
वाराणसी। नीट री-एग्जाम के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद परीक्षार्थियों को सुरक्षित एवं सुगम तरीके से उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वाराणसी रेलवे प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं कीं। परीक्षा समाप्त होने के तुरंत बाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए विशेष प्रबंध किए गए, जिनकी निगरानी स्वयं वाराणसी जंक्शन के निदेशक अर्पित गुप्ता ने की।
रेलवे प्रशासन की ओर से परीक्षार्थियों के लिए एक विशेष ट्रेन का संचालन किया गया, जो शाम 6:15 बजे रवाना हुई। परीक्षा समाप्त होने का समय शाम 5:15 बजे था, इसलिए ट्रेन का समय इस प्रकार निर्धारित किया गया कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र से स्टेशन तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। खास बात यह रही कि इस स्पेशल ट्रेन में परीक्षार्थियों को निशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की गई।
स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल और ओआरएस की व्यवस्था की गई थी। गर्मी और भीड़ के बीच परीक्षार्थियों को राहत देने के लिए विभिन्न स्थानों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत बनाया गया था। भीड़ प्रबंधन के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी के जवानों को स्टेशन के बाहर तथा विभिन्न प्लेटफार्मों पर तैनात किया गया था।
स्वास्थ्य सुविधाओं के लिहाज से भी रेलवे प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। स्टेशन परिसर और प्लेटफार्म संख्या तीन पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध थीं। इसके अतिरिक्त किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस और चिकित्सकों की विशेष व्यवस्था भी की गई थी।
रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों को रात 10 बजे तक ड्यूटी पर तैनात रखा गया, ताकि देर से पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को भी किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता लगातार अपने कार्यालय में मौजूद रहकर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। साथ ही वे समय-समय पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी देते रहे।
अर्पित गुप्ता ने कहा कि परीक्षार्थियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करना रेलवे की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की गई थीं, ताकि परीक्षा के बाद छात्रों की यात्रा सुगम और सुरक्षित हो सके।