भीषण गर्मी से राहत के लिए एसएसपीजी अस्पताल में विशेष इंतजाम, हीट वेव मरीजों हेतु बनाया गया कोल्ड रूम

लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव के प्रकोप को देखते हुए श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय राजकीय चिकित्सालय प्रशासन ने मरीजों और उनके तीमारदारों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। मंडलीय अपर निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक डॉ बृजेश कुमार ने बताया कि अस्पताल परिसर में गर्मी से बचाव और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कई एहतियाती कदम उठाए गए हैं।
 

वाराणसी। लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव के प्रकोप को देखते हुए श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय राजकीय चिकित्सालय प्रशासन ने मरीजों और उनके तीमारदारों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। मंडलीय अपर निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक डॉ बृजेश कुमार ने बताया कि अस्पताल परिसर में गर्मी से बचाव और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कई एहतियाती कदम उठाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि अस्पताल के विभिन्न वार्डों, इमरजेंसी, रैन बसेरा, ब्लड बैंक और अन्य प्रमुख स्थानों पर कुल 14 वाटर कूलर लगाए गए हैं, जो पूरी तरह क्रियाशील हैं। इसके अलावा अस्पताल के अलग-अलग विभागों में 9 आरओ प्लांट भी संचालित किए जा रहे हैं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। चिलचिलाती धूप और तेज गर्म हवाओं से बचाव के लिए अस्पताल परिसर में पर्याप्त मात्रा में शेड लगाए गए हैं, ताकि मरीजों, तीमारदारों और कर्मचारियों को आवाजाही में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

अस्पताल प्रशासन द्वारा मरीजों की सुविधा के लिए व्हील चेयर और स्ट्रेचर की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है। ओपीडी, इमरजेंसी और विभिन्न वार्डों में जरूरतमंद मरीजों को तुरंत व्हील चेयर और स्ट्रेचर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त कमरा नंबर-09 में विशेष पूछताछ केंद्र बनाया गया है, जहां मरीजों को आवश्यक जानकारी देने के साथ उन्हें संबंधित चिकित्सकों तक पहुंचाने में भी सहयोग किया जा रहा है।

मरीजों और उनके परिजनों के बैठने के लिए अस्पताल परिसर में नए थ्री-सीटर बेंच लगाए गए हैं। वहीं इमरजेंसी विभाग में ओआरएस काउंटर भी संचालित किया जा रहा है, जहां जरूरतमंद मरीजों को ओआरएस घोल उपलब्ध कराया जा रहा है। अस्पताल के वार्डों में भी पर्याप्त मात्रा में ओआरएस पाउडर रखा गया है।

डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि हीट वेव से प्रभावित मरीजों के त्वरित उपचार के लिए अस्पताल में एक विशेष कोल्ड रूम स्थापित किया गया है। इस कोल्ड रूम में मल्टीपैरा मॉनिटर, कोल्ड वाटर बाथ टब, आइस पैक, रेक्टल थर्मामीटर, ओआरएस पाउडर और आवश्यक दवाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। मरीजों के बेहतर उपचार के लिए इमरजेंसी में प्रत्येक शिफ्ट में चार अतिरिक्त चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती भी की गई है, ताकि गंभीर मरीजों को तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।