बीजेपी सांसद पर एफआईआर की मांग को लेकर सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
वाराणसी। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के संबंध में सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में बुधवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने चेतगंज थाने पहुंचकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
प्रदर्शन का नेतृत्व एडवोकेट राजू यादव ने किया। उन्होंने पुलिस प्रशासन को संबोधित प्रार्थना पत्र सौंपते हुए सांसद के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की मांग की। राजू यादव ने कहा कि सोशल मीडिया पर की गई कथित टिप्पणी न केवल राजनीतिक मर्यादाओं के विरुद्ध है, बल्कि इससे समाज में भ्रम और तनाव का वातावरण भी उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की छवि को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से निराधार आरोप लगाए गए हैं।
राजू यादव ने यह भी कहा कि यदि बुधवार शाम तक सांसद निशिकांत दुबे के विरुद्ध एफआईआर दर्ज नहीं की जाती है तो अगले दिन समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता एवं आमजन के साथ मिलकर व्यापक, अहिंसक और लोकतांत्रिक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी परिस्थिति की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में यदि कोई समाजवादी कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ सोशल मीडिया पर टिप्पणी करता है तो उसके विरुद्ध तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाती है, लेकिन सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधियों के मामले में समान तत्परता नहीं दिखाई जाती। उनका कहना था कि कानून सभी नागरिकों के लिए समान होना चाहिए और किसी भी प्रकार का पक्षपात लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है।
इस दौरान लक्ष्मीकांत किशमिश गुरु, प्रमोद राय, शंकर विशनानी, विकास यादव बच्चा, संतोष यादव, वरुण सिंह, अतुल श्रीवास्तव, इरशाद अहमद, रमाकांत जायसवाल, राहुल कन्नौजिया, शान केशरी सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए मामले में विधिसम्मत कदम उठाने की मांग की।