चुनाव आयोग के खिलाफ सपा का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंककर जताया विरोध 

चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को वाराणसी कचहरी मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। सपा प्रदेश सचिव लालू यादव के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पोस्टर जलाकर विरोध दर्ज कराया।
 

वाराणसी। चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को वाराणसी कचहरी मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। सपा प्रदेश सचिव लालू यादव के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला जलाकर विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शनकारियों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था और मताधिकार की रक्षा की मांग की। उनका कहना था कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर जनता के बीच उठ रहे सवालों का जवाब चुनाव आयोग और जिम्मेदार संस्थाओं को देना चाहिए। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल सामने आए हैं, जिनका निष्पक्ष तरीके से समाधान होना जरूरी है।

‘वोट चोरी’ का लगाया आरोप
मीडिया से बातचीत में सपा प्रदेश सचिव लालू यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने देश की जनता के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के साथ मिलकर ‘वोट चोरी’ की गई है। हालांकि ये आरोप सपा नेताओं के राजनीतिक दावे हैं।

लालू यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के मताधिकार और लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरकर संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को लगातार जनता के बीच उठाती रहेगी।

अखिलेश और वीरेंद्र सिंह के आह्वान पर प्रदर्शन
सपा प्रदेश सचिव ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह के आह्वान पर प्रदेशभर में चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। इसी क्रम में वाराणसी में पार्टी कार्यकर्ताओं ने कचहरी मुख्यालय पर प्रदर्शन किया।

‘इस्तीफा होने तक जारी रहेगा आंदोलन’
लालू यादव ने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते और उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ता जनता के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।

चंदौली से सपा सासंद विरेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के जरिये बीजेपी ने वोटों की चोरी की। इसके जरिये ही पश्चिम बंगाल, बिहार, महाराष्ट्र और हरियाणा में अपनी सरकार बनाई है। ऐसी सरकारों को तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए। मुख्य चुनाव आयुक्त को बर्खास्त करते हुए उनकी गिरफ्तारी की जानी चाहिए। सपा आम आदमी के अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है। 

सपा नेता रीबू श्रीवास्तव ने कहा कि विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश हिन्दुस्तान है। वहां अलोकतांत्रिक तरीके से वोटों की चोरी की जा रही है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को आगे कर भाजपा वोटों की चोरी कर रही है। ऐसे में मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा दिलाकर इसको खत्म किया जाना चाहिए। एसआईआर के नाम पर देश में 13 करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए। ऐसे में जीवित लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। सरकार को न उन्हें रोजगार देना होगा और न ही नौकरी। इस तरह से सरकार लोगों के अधिकारों का हनन कर रही है। समाजवादी पार्टी आम आदमी के अधिकारों की रक्षा के लिए यह आंदोलन चला रही है।  
 

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए वे पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने आंदोलन जारी रखने का संकल्प जताते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर जेल जाना पड़े या पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़े, पार्टी कार्यकर्ता संघर्ष करते रहेंगे।