MLC मतगणना पर सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने उठाए सवाल, बोले- शिक्षक एमएलसी पद पर जीत व स्नातक एमएलसी पद पर बढ़त के बाद भी घोषणा नहीं, प्रशासन का रवैया संदेहास्पद 

विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन सीटों की मतगणना को लेकर समाजवादी पार्टी ने जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। चंदौली से सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने शिक्षक पद के प्रत्याशी लाल बिहारी यादव के निर्वाचित होने का दावा करते हुए कहा कि जीत के बावजूद छह घंटे तक सार्वजनिक घोषणा नहीं किया जाना संदेहास्पद है। उन्होंने प्रशासन से मतगणना के प्रत्येक राउंड के परिणाम सार्वजनिक करने की मांग की।
 

वाराणसी। विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन सीटों की मतगणना को लेकर समाजवादी पार्टी ने जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। चंदौली से सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने शिक्षक पद के प्रत्याशी लाल बिहारी यादव के निर्वाचित होने का दावा करते हुए कहा कि जीत के बावजूद छह घंटे तक सार्वजनिक घोषणा नहीं किया जाना संदेहास्पद है। उन्होंने प्रशासन से मतगणना के प्रत्येक राउंड के परिणाम सार्वजनिक करने की मांग की।

सपा सांसद ने कहा कि शिक्षक निर्वाचन सीट पर लाल बिहारी यादव जीत चुके हैं, जबकि स्नातक निर्वाचन सीट पर पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा करीब 3000 मतों से बढ़त बनाए हुए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आशुतोष सिन्हा भी चुनाव में जीत हासिल करेंगे। सांसद ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन की ओर से मतगणना को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है, जिससे नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच भ्रम की स्थिति बनी हुई है।

वीरेंद्र सिंह ने कहा कि सपा के कार्यकर्ता लगातार धैर्य बनाए हुए हैं और परिणाम की आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कई स्थानों पर प्रत्याशियों की जीत की घोषणा की जा चुकी है, तो शिक्षक निर्वाचन सीट पर सपा प्रत्याशी की जीत के बाद भी परिणाम घोषित करने में देरी क्यों हो रही है।

उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रत्याशी के पांच हजार मतों से आगे रहने के बावजूद इस तरह की स्थिति बनी रहती है, तो इसके पीछे का कारण जिला प्रशासन ही स्पष्ट कर सकता है। सांसद ने चेतावनी दी कि यदि मतगणना में किसी तरह की हेराफेरी की सूचना सामने आती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

सपा सांसद ने पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक राउंड की मतगणना का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का संदेह दूर करने के लिए प्रशासन को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। वीरेंद्र सिंह ने एमएलसी चुनाव में सपा की बढ़त को आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह रुझान संकेत देता है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी अपना परचम लहराएगी।