स्मार्ट मीटर के विरोध में सपा महिला सभा ने एमडी कार्यालय का किया घेराव, बिजली विभाग के खिलाफ की नारेबाजी
वाराणसी। भिखारीपुर स्थित पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम कार्यालय पर सोमवार को स्मार्ट मीटर के विरोध में सपा महिला सभा की कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। सपा महिला सभा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रिबू श्रीवास्तव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्रित हुईं और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली व नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चेताया कि यदि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पारदर्शी नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने आरोप लगाया कि विभाग द्वारा उपभोक्ताओं के घरों में जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हो रही है। कई महिलाओं ने बताया कि पहले की तुलना में अब बिजली बिल दो से तीन गुना तक अधिक आ रहा है, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
महिला कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार को भी कटघरे में खड़ा किया और इसे जनविरोधी नीति करार दिया। महिलाओं ने कहा कि स्मार्ट मीटर योजना आम जनता के हित में नहीं है और इससे उपभोक्ताओं की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है। विरोध के दौरान उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “जिस तरह शरीर से खून निकल जाता है, उसी तरह यह मीटर लोगों की कमाई खत्म कर रहा है।”
रिबू श्रीवास्तव ने कहा कि जब तक स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पारदर्शी नहीं होगी और उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान नहीं किया जाएगा, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने बिजली विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी मांगों का ज्ञापन भी सौंपा। उनकी प्रमुख मांगों में जबरन स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक, पुराने मीटर को पुनः लागू करने का विकल्प और बढ़े हुए बिजली बिलों की निष्पक्ष जांच शामिल है। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया था, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न फैले। फिलहाल इस पूरे मामले पर बिजली विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे उपभोक्ताओं में असंतोष बना हुआ है।