बेनिया शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के दुकानदारों के समर्थन में उतरी सपा, व्यापारियों संग धरने पर बैठे सपा नेता, प्रशासन पर तानाशाही का लगाया आरोप 

बेनिया शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को ध्वस्त किए जाने की आशंका और नगर निगम की कार्रवाई के विरोध में समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया। दुकानदारों के समर्थन में सपा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को बेनिया शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के बाहर धरना दिया। इस दौरान नगर निगम और महापौर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तानाशाही का आरोप लगाया। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन होने और न्यायालय के आदेश के बावजूद नगर निगम मनमाने तरीके से कार्रवाई करने पर आमादा है।
 

वाराणसी। बेनिया शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को ध्वस्त किए जाने की आशंका और नगर निगम की कार्रवाई के विरोध में समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया। दुकानदारों के समर्थन में सपा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को बेनिया शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के बाहर धरना दिया। इस दौरान नगर निगम और महापौर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तानाशाही का आरोप लगाया। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन होने और न्यायालय के आदेश के बावजूद नगर निगम मनमाने तरीके से कार्रवाई करने पर आमादा है।

नगर निगम की टीम के पहुंचने से पहले ही सपा कार्यकर्ता कॉम्प्लेक्स के बाहर जुट गए और धरने पर बैठ गए। विरोध के समर्थन में कॉम्प्लेक्स की करीब 50 दुकानों को दुकानदारों ने बंद रखा। दुकानदार भी सपा कार्यकर्ताओं के साथ धरने में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक दुकानदारों के हितों की रक्षा और न्यायालय के आदेशों का पालन सुनिश्चित नहीं होता, उनका विरोध जारी रहेगा।

सपा के प्रदेश प्रवक्ता संदीप मिश्रा ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा गरीबों और पिछड़ों की लड़ाई लड़ती रही है। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में व्यापारी अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन गरीबों को उजाड़ने में लगा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ छोटे दुकानदारों को हटाया जा रहा है, वहीं बड़े व्यापारियों को बसाने की योजना बनाई जा रही है। प्रशासन हाईकोर्ट के आदेशों की अवहेलना कर रहा है। अदालत ने मामले में कमीशन गठित करने का आदेश दिया है, इसके बावजूद प्रशासन मनमाना रवैया अपना रहा है।

सपा नेता किशन दीक्षित ने कहा कि बेनिया शॉपिंग कॉम्प्लेक्स करीब 35-40 वर्ष पुराना है। उस समय नगर निगम ने दुकानदारों से पगड़ी लेकर दुकानें आवंटित की थीं। अब नगर निगम इस स्थल का अधिग्रहण कर कॉम्प्लेक्स ध्वस्त कराना चाहता है। मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम दुकानदारों को बेनिया पार्क में टीनशेड लगाकर वहां भेजने का प्रयास कर रहा है, जबकि पार्क में दुकानें आवंटित करने का उसे अधिकार नहीं है। दुकानदारों को लिखित आश्वासन भी नहीं दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश पर जांच के लिए कमीशन आने वाला है। नगर निगम के खिलाफ अवमानना का मामला भी चल रहा है। इसके बावजूद निगम का कोई प्रतिनिधि अदालत में उपस्थित नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि सपा कानून का सम्मान करती है और इसी के तहत शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू किया गया है। दुकानदारों के साथ किसी तरह का अन्याय हुआ तो पार्टी इसके खिलाफ संघर्ष करेगी।