पत्नी संग काशी पहुंचे दक्षिण भारत के मशहूर अभिनेता पोसानी कृष्णा मुरली, रिक्शे पर घूमीं गलियां, खरीदी बनारसी साड़ी

दक्षिण भारतीय सिनेमा के चर्चित अभिनेता, पटकथा लेखक और निर्देशक पोसानी कृष्णा मुरली इन दिनों काशी प्रवास पर हैं। वह अपनी पत्नी कुसुमा लता के साथ वाराणसी पहुंचे। काशी प्रवास के दौरान उन्होंने बाबा विश्वनाथ के दरबार में पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इससे पहले दोनों ने रिक्शे पर सवार होकर काशी की पुरानी गलियों और बाजारों की सैर की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय बाजार में खरीदारी भी की।
 

वाराणसी। दक्षिण भारतीय सिनेमा के चर्चित अभिनेता, पटकथा लेखक और निर्देशक पोसानी कृष्णा मुरली इन दिनों काशी प्रवास पर हैं। वह अपनी पत्नी कुसुमा लता के साथ वाराणसी पहुंचे। काशी प्रवास के दौरान उन्होंने बाबा विश्वनाथ के दरबार में पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इससे पहले दोनों ने रिक्शे पर सवार होकर काशी की पुरानी गलियों और बाजारों की सैर की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय बाजार में खरीदारी भी की।

पोसानी कृष्णा मुरली ने पत्नी के लिए वाराणसी की प्रसिद्ध बनारसी साड़ी खरीदी। साड़ी की बुनाई और उसकी खासियतों के बारे में भी उन्होंने जानकारी ली। खरीदारी के बाद दोनों ने रिक्शे से काशी की गलियों का भ्रमण किया। पुराने मकानों, संकरी गलियों और बाजारों के बीच रिक्शे की सवारी करते हुए उन्होंने काशी की पारंपरिक संस्कृति को करीब से महसूस किया। रिक्शे की सवारी के बाद उन्होंने रिक्शा चालक को 300 रुपये दिए।

बाबा विश्वनाथ के दरबार में पहुंचे
काशी की गलियों और बाजारों का भ्रमण करने के बाद पोसानी कृष्णा मुरली पत्नी के साथ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। मंदिर में दर्शन के बाद उन्होंने काशी की बदलती तस्वीर और विकास कार्यों की भी सराहना की।

अभिनेता ने कहा कि काशी उन्हें बेहद पसंद है। वह इससे पहले भी फिल्म के सिलसिले में वाराणसी आ चुके हैं, लेकिन इस बार शहर का स्वरूप उन्हें काफी बदला हुआ नजर आया। उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में वाराणसी में काफी विकास हुआ है और शहर का वातावरण भी उन्हें बेहद अच्छा लगा। उन्होंने काशी में बार-बार आने और यहां समय बिताने की इच्छा भी जताई।

150 से अधिक फिल्मों के लिए किया लेखन
पोसानी कृष्णा मुरली तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के बहुआयामी कलाकारों में गिने जाते हैं। अभिनय के साथ वह पटकथा लेखन, निर्देशन और निर्माण के क्षेत्र में भी सक्रिय रहे हैं। उन्होंने 150 से अधिक तेलुगु फिल्मों के लिए लेखक के तौर पर काम किया है। इसके अलावा कई फिल्मों का निर्देशन भी किया, जिनमें कुछ फिल्मों को व्यावसायिक सफलता मिली।

फिल्मी दुनिया में अपने अलग अंदाज और अभिनय के लिए पहचान बनाने वाले पोसानी कृष्णा मुरली ने लंबे समय तक तेलुगु सिनेमा में काम किया है। फिल्मों के अलावा वह राजनीति में भी सक्रिय रहे हैं। वर्ष 2009 में उन्होंने आंध्र प्रदेश की चिलकलुरिपेट विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें इसमें सफलता नहीं मिली। काशी यात्रा के दौरान उनका पत्नी के साथ सामान्य पर्यटक की तरह शहर की गलियों में घूमना और स्थानीय बाजार से बनारसी साड़ी खरीदना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।