वाराणसी : पेंटर सोनू यादव हत्याकांड का खुलासा, पुलिस ने मुख्य आरोपी को पकड़ा, पिस्टल बरामद

लंका थाना क्षेत्र के नगवा में बीते 9 जून को हुए पेंटर सोनू यादव हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी गोपीचंद चौरसिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
 

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के नगवा में बीते 9 जून को हुए पेंटर सोनू यादव हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी गोपीचंद चौरसिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, 9 जून 2026 को सोनू यादव की गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना लंका पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। शुरुआत में घटना को लेकर हत्या और आत्महत्या, दोनों तरह की आशंकाएं जताई जा रही थीं, क्योंकि मृतक के हाथ में असलहा मिलने से मामला उलझ गया था।

पुलिस आयुक्त के निर्देश पर मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल से मिले तथ्यों, वैज्ञानिक साक्ष्यों, तकनीकी जांच, सर्विलांस और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और गोपी चंद चौरसिया पुत्र महेंद्र चौरसिया, निवासी दिलदारनगर, जनपद गाजीपुर को गिरफ्तार कर लिया। 

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल बरामद की गई। पुलिस का कहना है कि बरामद असलहे को जांच के लिए आगे की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस मामले में थाना लंका पर मु0अ0सं0 0272/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। बाद में विवेचना के दौरान धारा 238(1) बीएनएस और 3/25 आयुध अधिनियम की बढ़ोतरी की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की गई, जिसके बाद हत्या की पुष्टि हुई और आरोपी की गिरफ्तारी संभव हो सकी।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राज कुमार, चौकी प्रभारी नगवां उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, उपनिरीक्षक हरनारायण सहित लंका थाना और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।