सोलर दीदियों के हाथों में ऊर्जा क्रांति की कमान, मंत्री एके शर्मा ने बांटे जॉब लेटर
वाराणसी। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में वाराणसी में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई है। शनिवार को सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने सिटी एक्सेलेरेटर प्रोग्राम के अंतर्गत प्रशिक्षित प्रथम बैच की 24 सोलर दीदियों को प्रमाण पत्र और जॉब लेटर प्रदान किए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विशेष प्रचार वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी ये महिलाएं अब केवल अपने परिवारों तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि समाज में ऊर्जा दूत के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत प्रशिक्षित सोलर दीदियां लोगों को सौर ऊर्जा के लाभों के प्रति जागरूक करेंगी और प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत अधिक से अधिक परिवारों का पंजीकरण कराने में सहयोग देंगी।
मंत्री ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से ऊर्जा क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आएगा। सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ यह पहल महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर भी प्रदान करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सोलर दीदियां घर-घर पहुंचकर लोगों को बिजली बचत, स्वच्छ ऊर्जा और सरकारी योजनाओं के लाभों के बारे में जागरूक करेंगी।
इस दौरान विभिन्न वार्डों में जागरूकता अभियान चलाने के लिए विशेष प्रचार वाहनों को रवाना किया गया। ये वाहन शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देंगे तथा सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम में कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, अजगरा विधायक टी. राम, पूर्वांचल विद्युत निगम के प्रबंध निदेशक, नेडा के निदेशक तथा नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने इस पहल को महिला सशक्तिकरण, हरित ऊर्जा और सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।