वाराणसी में SOG-2 टीम की तगड़ी कार्रवाई, जुए के अड्डे पर छापेमारी कर 7 को पकड़ा, नकदी और मोबाइल बरामद 

एसओजी-2 टीम ने अवैध ऑनलाइन लॉटरी के अड्डे पर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 9670705555 पर प्राप्त सूचना के आधार पर एसओजी-2 और थाना सिगरा पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही नकदी और मोबाइल बरामद किया। 
 

वाराणसी। एसओजी-2 टीम ने अवैध ऑनलाइन लॉटरी के अड्डे पर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 9670705555 पर प्राप्त सूचना के आधार पर एसओजी-2 और थाना सिगरा पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही नकदी और मोबाइल बरामद किया। 

पुलिस के अनुसार, हेल्पलाइन पर सूचना मिली थी कि थाना सिगरा क्षेत्र के रोडवेज चौकी अंतर्गत राम कॉम्प्लेक्स के पास एक गली में सड़क किनारे अवैध रूप से ऑनलाइन लॉटरी और जुए का संचालन किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होने के बाद एसीपी मुख्यालय के नेतृत्व में एसओजी-2 टीम ने मौके पर छापा मारा।

दबिश के दौरान मौके पर जुआ खेलते और खिलवाते हुए कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 13,218 रुपये नकद बरामद किए गए। गिरफ्तार अभियुक्तों में मोहित सिंह चौहान, नील कुमार, छंगुर प्रसाद, मोहम्मद मुस्तफा, धर्मेंद्र कुमार गुप्ता, तरुण उपाध्याय और मखंचू शामिल हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ऑनलाइन माध्यम से अवैध लॉटरी का संचालन कर रहे थे और लोगों को इसमें शामिल कर आर्थिक लाभ कमा रहे थे। इस कार्रवाई को वाराणसी पुलिस द्वारा अवैध जुआ और लॉटरी गतिविधियों पर शिकंजा कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।