वाराणसी कैंट स्टेशन पर 3.53 करोड़ का तस्करी का सोना पकड़ा गया, अफ्रीकी खेप के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
वाराणसी। रेलवे सुरक्षा बल और संबंधित एजेंसियों ने वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय सोना तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से दो किलोग्राम से अधिक सोने के बिस्किट बरामद किए गए हैं। बरामद सोने की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3 करोड़ 53 लाख रुपये बताई जा रही है।
डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस से दिल्ली जा रहे थे तस्कर
जानकारी के अनुसार दोनों तस्कर डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस से पश्चिम बंगाल से वाराणसी होते हुए दिल्ली जा रहे थे। इसी दौरान वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर जांच के दौरान उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी में उनके पास से बड़ी मात्रा में सोने के बिस्किट बरामद हुए, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
अफ्रीका से बांग्लादेश के रास्ते भारत पहुंचता था सोना
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह सोना अफ्रीका से बांग्लादेश के रास्ते भारत लाया जाता था। इसके बाद अलग-अलग ट्रेनों के जरिए देश के विभिन्न शहरों में इसकी तस्करी की जाती थी। इस पूरे नेटवर्क में कई लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।
तीन महीने में 35 बार कर चुके हैं तस्करी
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार तस्कर पिछले तीन महीनों में करीब 35 बार सोने की तस्करी कर चुके हैं। दोनों आरोपी महाराष्ट्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। अधिकारियों को शक है कि इनके पीछे कोई बड़ा अंतरराष्ट्रीय गिरोह काम कर रहा है।
बड़े गैंग की तलाश में जुटी एजेंसियां
रेलवे के आईजी प्रयागराज जोन एन. कोलांची ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है। टीम इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचने की उम्मीद है।
देखें वीडियो