शहीद उद्यान सौंदर्यीकरण कार्य की धीमी रफ्तार, नगर आयुक्त ने एक्सईएन को नोटिस जारी करने का दिया निर्देश, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को लगाई फटकार
वाराणसी। नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने शहीद उद्यान और सोनिया तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने शहीद उद्यान सौंदर्यीकरण की धीमी रफ्तार पर एक्सईएन सिविल अगम कटियार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं सोनिया तालाब का काम बंद मिलने पर कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही 25 दिसंबर तक काम पूरा न होने पर संस्था को ब्लैक लिस्टेड करने के साथ ही कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी।
निरीक्षण के दौरान शहीद उद्यान में चल रहा सौंदर्यीकरण कार्य निर्धारित समय से काफी पीछे मिला। कार्य की धीमी गति और प्रभावी पर्यवेक्षण के अभाव को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने अधिशासी अभियंता (सिविल) अगम कटियार को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि 10 दिसंबर तक काम गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा नहीं हुआ तो संबंधित कार्यदायी फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की संस्तुति के साथ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद नगर आयुक्त ने सोनिया तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का जायजा लिया। यहां स्थिति और खराब मिली। मौके पर सौंदर्यीकरण का काम पूरी तरह बंद था और तालाब में पानी भरा हुआ था। इस पर उन्होंने कार्यदायी फर्म की कार्यप्रणाली पर गहरा असंतोष जताया। निर्देश दिया कि सबसे पहले तालाब में बचे पानी की तत्काल निकासी कराई जाए। इसके बाद श्रमिकों और मशीनों की संख्या बढ़ाकर युद्धस्तर पर काम शुरू किया जाए।
नगर आयुक्त ने दो टूक कहा कि 25 दिसंबर तक सोनिया तालाब के सौंदर्यीकरण का पूरा काम उच्च गुणवत्ता के साथ हर हाल में पूरा होना चाहिए। समयसीमा का पालन नहीं करने पर संबंधित फर्म के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता (सिविल) सुरेश चंद्र, आर्किटेक्ट कुणाल कालरा, स्मार्ट सिटी के सीजीएम अमरेंद्र तिवारी सहित अन्य अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।