आज से दौड़ेगी स्लीपर वंदेभारत, वाराणसी से नई दिल्ली के लिए शुरू होगा नियमित संचालन, पहले ही दिन दीपावली तक की सीटें फुल

वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलने वाली देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन सोमवार से शुरू हो जाएगा। ट्रेन की शुरुआत से पहले ही यात्रियों में इसे लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। दीपावली तक ट्रेन की सीटें फुल हो चुकी हैं। वाराणसी से दिल्ली और दिल्ली से वाराणसी आने वाली ट्रेन में फिलहाल किसी भी श्रेणी में कन्फर्म सीट उपलब्ध नहीं है।
 

वाराणसी। वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलने वाली देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन सोमवार से शुरू हो जाएगा। ट्रेन की शुरुआत से पहले ही यात्रियों में इसे लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। दीपावली तक ट्रेन की सीटें फुल हो चुकी हैं। वाराणसी से दिल्ली और दिल्ली से वाराणसी आने वाली ट्रेन में फिलहाल किसी भी श्रेणी में कन्फर्म सीट उपलब्ध नहीं है।

रेलवे की ओर से जारी समय सारिणी के अनुसार, वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली स्लीपर वंदे भारत रात 8:50 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वहीं, नई दिल्ली से वाराणसी के लिए ट्रेन रात 9:40 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7:10 बजे बनारस पहुंचेगी।

आठ घंटे में चेयरकार, 9:20 घंटे में स्लीपर वंदेभारत
रेलवे के अनुसार, चेयरकार से वाराणसी से दिल्ली पहुंचने में करीब आठ घंटे लगते हैं, जबकि स्लीपर वंदे भारत से यह सफर लगभग 9 घंटे 20 मिनट में पूरा होगा। ट्रेन में यात्रियों को रातभर आरामदायक सफर की सुविधा मिलेगी। खास बात यह है कि दीपावली के त्योहार तक इसकी सीटों की बुकिंग पूरी हो चुकी है। शुक्रवार को वाराणसी से और शनिवार को नई दिल्ली से इस ट्रेन का संचालन नहीं होगा। सप्ताह के शेष दिनों में नियमित ट्रेन का संचालन किया जाएगा। 

स्लीपर वंदेभारत का किराया 
स्लीपर वंदे भारत का किराया अन्य प्रमुख ट्रेनों की तुलना में अधिक रखा गया है। उपलब्ध किराया विवरण के अनुसार स्लीपर वंदेभारत का थर्ड एसी का किराया 1915 रुपये, सेकेंड एसी का किराया 2470 रुपये और फर्स्ट एसी का किराया 3030 रुपये रखा गया है। स्लीपर वंदे भारत में आधुनिक सुविधाओं और कम समय में सफर पूरा करने की सुविधा को देखते हुए यात्रियों की दिलचस्पी बढ़ी है।