वाराणसी में कुशल श्रमिकों को मिलेंगे 16,025 रुपये, नोएडा की घटना के बाद श्रम विभाग ने तय की नई दरें
वाराणसी। महंगाई और श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए श्रम विभाग ने वाराणसी मंडल में औद्योगिक मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी में बढ़ोतरी की घोषणा की है। नए आदेश के तहत कुशल श्रमिकों को अब 16,025 रुपये प्रतिमाह मजदूरी मिलेगी, जिससे हजारों श्रमिकों को सीधा लाभ होगा।
श्रम विभाग ने वाराणसी मंडल के लिए नई दरें निर्धारित की हैं। इसके तहत अकुशल श्रमिकों की मजदूरी 13,006 रुपये, अर्द्धकुशल श्रमिकों की 14,306 रुपये और कुशल श्रमिकों की मजदूरी बढ़ाकर 16,025 रुपये कर दी गई है। यह वृद्धि श्रमिक संगठनों की लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद की गई है।
श्रमायुक्त पंकज कुमार ने बताया कि यह नई दरें वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर जिलों के औद्योगिक श्रमिकों पर लागू होंगी। उन्होंने कहा कि इन जिलों में कार्यरत श्रमिकों को अब संशोधित मजदूरी का लाभ मिलेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। नई दरें एक अप्रैल से लागू मानी जाएंगी।
नई मजदूरी दरों में मूल वेतन के साथ परिवर्तनीय महंगाई भत्ता (VDA) भी शामिल है। अधिकारियों के अनुसार, अन्य जिलों की तुलना में वाराणसी मंडल में श्रमिकों के लिए यह दरें अधिक तय की गई हैं, ताकि बढ़ती महंगाई के प्रभाव को कम किया जा सके।
इसके अलावा, श्रम विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि दुकानों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिकों के लिए अलग से मजदूरी दरें निर्धारित की गई हैं। इन श्रमिकों को भी संशोधित वेतन का लाभ मिलेगा, जिससे उन्हें आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। हर छमाही में इन दरों में बढ़ोत्तरी की जाएगी।
श्रम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि नई दरों को सख्ती से लागू कराया जाएगा और किसी भी संस्था द्वारा इसका उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही श्रमिकों से अपील की गई है कि यदि उन्हें निर्धारित मजदूरी नहीं मिलती है, तो वे संबंधित विभाग में शिकायत दर्ज कराएं।