वाराणसी में छह साल की बच्ची का अपहरण कर सूखे कुएं में फेंका, मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के कौवापुर गांव में सोमवार को एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक मनबढ़ युवक ने छह साल की मासूम बच्ची का अपहरण कर उसे छित्तमपुर स्थित डीहबाबा मंदिर के पास करीब 70 फीट गहरे सूखे कुएं में धक्का दे दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।
बच्ची सोमवार सुबह करीब 7 बजे स्कूल गई थी। छुट्टी के बाद वह पैदल अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान साइकिल सवार आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर अपनी साइकिल पर बैठा लिया और वहां से फरार हो गया। आरोप है कि वह बच्ची को सुनसान स्थान पर ले गया और छित्तमपुर के डीहबाबा मंदिर के पास स्थित एक सूखे कुएं में धक्का दे दिया।
कुएं में गिरने के बाद बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लगभग 70 फीट गहरे कुएं से बच्ची को बाहर निकालना आसान नहीं था, लेकिन ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद घायल बच्ची को कादीपुर कलां स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर में करीब तीन इंच गहरे घाव का इलाज किया। बच्ची के सिर, हाथ और पैर में चोटें आई हैं, हालांकि उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। एडीसीपी, एसीपी सारनाथ, प्रभारी निरीक्षक चौबेपुर सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में टीमें लगा दी गई थीं। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए देर रात आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया।