मिर्जामुराद में हाईवे पर सड़क हादसे, छह घायल, कई वाहन क्षतिग्रस्त
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र में बुधवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में छह लोग घायल हो गए। दोनों घटनाएं नेशनल हाईवे पर हुईं, जहां तेज रफ्तार और असावधानी के चलते वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाने के साथ क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।
पहला हादसा डंगहरिया गांव के समीप सुबह हुआ। प्रतापगढ़ निवासी रामआश्रय पटेल अपने परिवार के साथ कार से प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे तेज रफ्तार कार आगे चल रही ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में राम आश्रय पटेल और तीन वर्षीय विनायक घायल हो गए। हालांकि कार में लगे एयरबैग खुल जाने से चालक और बच्चे के पिता की जान बच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल भेजा और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाकर हाईवे पर यातायात सामान्य कराया।
वहीं दूसरा हादसा खजुरी गांव के सामने हाईवे पर सुबह करीब दस बजे हुआ। प्रयागराज से वाराणसी जा रही एक हौंडई कार सड़क किनारे खराब होकर खड़ी सीमेंट लदी ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रक में घुस गया और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस हादसे में प्रयागराज जिले के पानदरीबा शाहगंज निवासी मोहम्मद शमी, खुर्शीद अहमद, आशिफ अली और बादशाह हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर खजुरी चौकी प्रभारी गणेश पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायलों को बाहर निकलवाकर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजवाया। बाद में पुलिस और एनएचएआई की टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने बताया कि तहरीर मिलने पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।