कैंट रेलवे स्टेशन के पास महिलाओं से अश्लील हरकत करने वाले छह गिरफ्तार, एंटी रोमियो टीम ने की कार्रवाई 

कमिश्नरेट की सिगरा थाना पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने कैंट रेलवे स्टेशन के सामने पिलर संख्या 57 से 60 के बीच महिलाओं और राहगीरों से अभद्र व्यवहार करने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए छह लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान चार पुरुष और दो महिलाओं को पकड़ा गया। मामले में दो महिलाओं के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि चार पुरुषों को उनके परिजनों को बुलाकर चेतावनी देने के बाद सुपुर्द कर दिया गया।
 

वाराणसी। कमिश्नरेट की सिगरा थाना पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने कैंट रेलवे स्टेशन के सामने पिलर संख्या 57 से 60 के बीच महिलाओं और राहगीरों से अभद्र व्यवहार करने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए छह लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान चार पुरुष और दो महिलाओं को पकड़ा गया। मामले में दो महिलाओं के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि चार पुरुषों को उनके परिजनों को बुलाकर चेतावनी देने के बाद सुपुर्द कर दिया गया।

सूचना मिली थी कि कैंट रेलवे स्टेशन के सामने कुछ लोग आने-जाने वाली महिलाओं के साथ अश्लील इशारे कर उन्हें परेशान कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के लिए एंटी रोमियो टीम को सादे कपड़ों में मौके पर भेजा गया। पुलिस का कहना है कि मौके पर पहुंचने पर शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए चार पुरुषों और दो महिलाओं को हिरासत में लिया। इस संबंध में थाना सिगरा में मु.अ.सं. 0311/2026 के तहत धारा 296 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस के मुताबिक पकड़े गए चार पुरुषों को आवश्यक पूछताछ के बाद उनके परिजनों को बुलाकर भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी देते हुए सुपुर्द कर दिया गया। वहीं दो महिलाओं के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। यह पूरी कार्रवाई महिला सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई। अभियान में प्रभारी एंटी रोमियो टीम उपनिरीक्षक काजोल सिंह, उपनिरीक्षक डाली साहू, महिला कांस्टेबल रीमा, ऋतंभरा यादव, आरक्षी काजल, निक्की राय, अभिषेक शर्मा और शुभम शामिल रहे।