वाराणसी में दिनदहाड़े 60 लाख की चांदी की लूट, क्राइम ब्रांच का कर्मचारी बनकर पहुंचे बदमाश, 27 किलो चांदी लेकर फरार
वाराणसी। शहर के चौक थाना क्षेत्र में अपराधियों ने बेहद शातिर तरीके से दिनदहाड़े करीब 27 किलोग्राम चांदी लूट ली। खुद को क्राइम ब्रांच का कर्मचारी बताकर तीन बदमाशों ने सराफा कारोबारियों के दो कर्मचारियों को रोका। पूछताछ के बहाने मारपीट की और करीब 60 लाख रुपये मूल्य की चांदी से भरा बैग छीनकर पैदल फरार हो गए। घटना के बाद सराफा कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजन त्रिपाठी और चौक थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं।
गोविंदपुरा की दो सराफा दुकानों के बीच हुई वारदात
पुलिस के अनुसार, गोविंदपुरा क्षेत्र में विनय सोनी की हेमा ज्वेलर्स और शशि कुमार वर्मा की जय मां लक्ष्मी ज्वेलर्स नाम से दुकानें हैं। दोनों प्रतिष्ठान एक-दूसरे से कुछ ही दूरी पर स्थित हैं। बताया गया कि शशि कुमार वर्मा ने अपने कर्मचारी उमाकांत सेठ सहित दो कर्मचारियों को विनय सोनी की दुकान से चांदी लाने के लिए भेजा था। दोनों कर्मचारी चांदी लेकर वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया।
खुद को बताया क्राइम ब्रांच का कर्मचारी
आरोप है कि तीनों युवकों ने खुद को क्राइम ब्रांच का कर्मचारी बताते हुए कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी। बदमाशों ने बैग में मादक पदार्थ होने का संदेह जताया और तलाशी के नाम पर बैग की जांच करने लगे। जब कर्मचारियों ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और चांदी से भरा बैग छीनकर मौके से पैदल फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि कर्मचारी संभल भी नहीं सके।
व्यापारियों में मचा हड़कंप
घटना के बाद दोनों कर्मचारी घबराए हुए अपने मालिक के पास पहुंचे और पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही सराफा कारोबारियों में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी मात्रा में चांदी की लूट की सूचना पर पुलिस भी तत्काल सक्रिय हो गई।
सीसीटीवी फुटेज के सहारे बदमाशों की तलाश
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बदमाशों के आने-जाने के रास्तों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही दोनों कर्मचारियों से भी विस्तृत पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के हर पहलू की जांच की जा सके।
दो पुलिस टीमें गठित
पुलिस ने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमें बनाई हैं। टीमों को सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।
एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजन त्रिपाठी ने बताया कि "आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटना से जुड़े सभी बिंदुओं की गहन जांच की जा रही है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।" इस सनसनीखेज वारदात ने शहर के सराफा कारोबारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।