कार्यभार संभालते ही एक्शन में दिखे सिगरा एसओ शिवाकांत मिश्रा, अतिक्रमणकारियों को खदेड़ा, सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर कार्रवाई 

शहर की कानून व्यवस्था और यातायात प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल द्वारा किए गए प्रशासनिक फेरबदल के बाद सिगरा थाने की कमान संभालने वाले नए थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने कार्यभार ग्रहण करते ही अपने कड़े तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पदभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने पूरे थाना क्षेत्र का व्यापक भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और स्थानीय हालात का जायजा लिया।
 

वाराणसी। शहर की कानून व्यवस्था और यातायात प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल द्वारा किए गए प्रशासनिक फेरबदल के बाद सिगरा थाने की कमान संभालने वाले नए थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने कार्यभार ग्रहण करते ही अपने कड़े तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पदभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने पूरे थाना क्षेत्र का व्यापक भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और स्थानीय हालात का जायजा लिया।

मंगलवार को थाना प्रभारी टीम के साथ सिगरा क्षेत्र में लगातार सक्रिय नजर आए। उन्होंने प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस कमिश्नर के निर्देशानुसार क्षेत्र में अनैतिक गतिविधियों पर रोक लगाने तथा ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान कई स्थानों पर स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने नए थाना प्रभारी का फूल-मालाओं से स्वागत किया। लोगों द्वारा मिले समर्थन और विश्वास पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शिवाकांत मिश्रा ने कहा कि जनता का सहयोग और भरोसा ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सिगरा थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से अतिक्रमण कर व्यवसाय करने वालों के खिलाफ थाना प्रभारी का सख्त रवैया देखने को मिला। उन्होंने अतिक्रमणकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए तत्काल कब्जा हटाने के निर्देश दिए और कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इसके अलावा मॉडल शॉप और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर खुलेआम शराब सेवन करने वालों को भी पुलिस ने कड़ी हिदायत दी। थाना प्रभारी ने दो टूक कहा कि सिगरा क्षेत्र में शांति व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।