सिगरा पुलिस ने अवैध पिस्टल और कारतूस के साथ युवक को दबोचा, स्कूटी सीज
वाराणसी। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिगरा थाना पुलिस ने एक युवक को अवैध .32 बोर पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक स्कूटी और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के पर्यवेक्षण में सिगरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए समीर गुप्ता (21 वर्ष) पुत्र राजू गुप्ता, निवासी कोटवा सराय मोहना, थाना सारनाथ, वाराणसी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे कैंट ओवरब्रिज के पिलर संख्या-37 के पास रोडवेज क्षेत्र से गुरुवार को दबोचा।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, एक.32 बोर कारतूस, एक स्कूटी तथा एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। बरामद स्कूटी को पुलिस ने सीज कर दिया है। इस संबंध में थाना सिगरा में मु.अ.सं. 0322/2026 के तहत धारा 3/25 शस्त्र अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अवैध हथियार उसे कहां से मिला और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र के नेतृत्व में चौकी प्रभारी रोडवेज उपनिरीक्षक विकास सिंह, उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार बंधु, मुख्य आरक्षी जितेंद्र सिंह, मुख्य आरक्षी ब्रह्मदेव सिंह तथा आरक्षी मृत्युंजय सिंह की टीम ने अंजाम दिया।