सिगरा पुलिस के हत्थे चढ़ा अंतरजनपदीय वाहन चोर, चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद, पहले से दर्ज है गैंगस्टर का मुकदमा 

कमिश्नरेट वाराणसी की सिगरा पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक अंतरजनपदीय वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई चार मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ वाराणसी और भदोही जनपद में गैंगस्टर समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ कर वाहन चोरी के अन्य मामलों की भी जानकारी जुटा रही है।
 

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी की सिगरा पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक अंतरजनपदीय वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई चार मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ वाराणसी और भदोही जनपद में गैंगस्टर समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ कर वाहन चोरी के अन्य मामलों की भी जानकारी जुटा रही है।

प्रभारी निरीक्षक सिगरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार को लहरतारा क्रॉसिंग के पास खाली स्थान से आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दिनेश कुमार वर्मा निवासी ग्राम मझवा, थाना कछवा, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से वाराणसी और आसपास के जनपदों में दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं में सक्रिय था।

पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इनमें थाना सिगरा से चोरी हुई यूपी-52 एके-1286 सुपर स्प्लेंडर, थाना भेलूपुर से चोरी हुई यूपी-65 एफए-0432 हीरो स्प्लेंडर प्लस और यूपी-65 ईई-6184 स्प्लेंडर प्लस, तथा थाना लंका से चोरी हुई यूपी-62 बीजेड-1052 स्प्लेंडर प्लस शामिल हैं। सभी वाहन संबंधित मुकदमों से जुड़े पाए गए हैं।

पुलिस के अनुसार थाना सिगरा में दर्ज मुकदमे के तहत नगर निगम वाराणसी में कार्यरत एक कनिष्ठ लिपिक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 अप्रैल 2026 को उसने अपनी सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नगर निगम मुख्यालय के सामने खड़ी की थी। कार्यालय समय समाप्त होने पर वाहन गायब मिला। सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक अज्ञात व्यक्ति बाइक ले जाता दिखाई दिया, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले की विवेचना के दौरान आरोपी तक पुलिस पहुंची।

जांच में सामने आया कि आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2025 और 2026 में सिगरा, भेलूपुर, लंका, औराई (भदोही) समेत विभिन्न थानों में वाहन चोरी, चोरी की संपत्ति रखने तथा गैंगस्टर अधिनियम सहित कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए पुलिस उसे एक शातिर वाहन चोर मान रही है। गिरफ्तारी की कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, उपनिरीक्षक विकास सिंह, सुधीर कुमार अग्रहरि, दुर्गा प्रसाद सहित सिगरा थाने एवं सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।