रिजर्व पुलिस लाइन्स में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजा पुलिस लाइन्स परिसर, मध्यरात्रि में विधि-विधान से हुआ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पूजन

पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल के निर्देशन में रिजर्व पुलिस लाइन्स परिसर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी को लेकर पुलिस लाइन्स परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन से पूरा परिसर भक्तिमय नजर आया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ उनके परिवारजनों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
 

रिजर्व पुलिस लाइन्स परिसर में आकर्षक ढंग से की गई सजावट, रात्रि आठ बजे से भजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन

पुलिस परिवार के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, विभिन्न प्रस्तुतियों में दिखाई गईं भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं

मध्यरात्रि 12 बजे विधि-विधान से हुआ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पूजन, पूजन के बाद भगवान को भोग लगाकर किया गया प्रसाद का वितरण 

पुलिस आयुक्त ने पुलिसकर्मियों को कर्तव्य एवं कर्मनिष्ठा का दिया संदेश, पुलिस परिवार ने कमिश्नरेट वाराणसी एवं जनपदवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की

वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल के निर्देशन में रिजर्व पुलिस लाइन्स परिसर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी को लेकर पुलिस लाइन्स परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन से पूरा परिसर भक्तिमय नजर आया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ उनके परिवारजनों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।


रात आठ बजे से शुरू हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम
महोत्सव के दौरान रात्रि आठ बजे से भजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और उनके जीवन आदर्शों को प्रस्तुत किया गया। भजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।


आधी रात को हुआ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पूजन का विधि-विधान से आयोजन किया गया। जन्मोत्सव के अवसर पर पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की तथा भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए। इसके बाद भगवान को भोग अर्पित कर उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद वितरित किया गया।


पुलिस आयुक्त ने दिया कर्तव्यनिष्ठा का संदेश
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त श्री मोहित अग्रवाल ने पुलिस परिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन कर्तव्य, सत्य, धर्म, न्याय और कर्म के प्रति समर्पण का संदेश देता है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से श्रीकृष्ण के ‘कर्मण्येवाधिकारस्ते’ के संदेश से प्रेरणा लेकर अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान रिजर्व पुलिस लाइन्स का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय एवं उत्सवमय रहा। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा परिसर गूंजता रहा और पुलिस परिवार ने सामूहिक रूप से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया।