शिवपुर स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण में मिलीं खामियां, नगर आयुक्त ने अधिकारियों को लगाई फटकार

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने गुरुवार को शिवपुर स्थित स्वास्थ्य केंद्र एवं मेट्रोपॉलिटन सर्विलांस यूनिट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी और निर्माण कार्यों में लापरवाही सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
 

वाराणसी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने गुरुवार को शिवपुर स्थित स्वास्थ्य केंद्र एवं मेट्रोपॉलिटन सर्विलांस यूनिट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी और निर्माण कार्यों में लापरवाही सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने पाया कि स्वास्थ्य केंद्र की गैलरी में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं थी। सीलिंग में लाइटें न होने के कारण पूरे परिसर में अंधेरा पसरा हुआ था। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल पर्याप्त लाइटें लगाने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों और कर्मचारियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इसके अलावा मेट्रोपॉलिटन सर्विलांस यूनिट के चैंबरों के बाहर किसी भी विशेषज्ञ चिकित्सक या विभाग की जानकारी प्रदर्शित करने वाले बोर्ड नहीं लगे थे। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि प्रत्येक चैंबर के बाहर संबंधित चिकित्सक का नाम, विशेषज्ञता और विभाग का स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाया जाए, जिससे मरीजों को सही कक्ष तक पहुंचने में आसानी हो।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र मार्ग के चौराहे के पास धंसी हुई इंटरलॉकिंग भी नगर आयुक्त की नजर में आई। उन्होंने संबंधित अभियंताओं को क्षतिग्रस्त इंटरलॉकिंग को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन सुरक्षित और सुगम बना रहे। इसके बाद नगर आयुक्त ने शिवपुर स्थित ट्रांसफर स्टेशन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था और उपलब्ध खाली भूमि का उपयोग बेहतर तरीके से करने पर जोर दिया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ट्रांसफर स्टेशन परिसर में सफाई चौकी और स्वास्थ्य स्टोर स्थापित करने का प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत किया जाए।

राजस्व वृद्धि के उद्देश्य से नगर आयुक्त ने स्वास्थ्य केंद्र मार्ग की ओर स्थित बाउंड्री वॉल से सटी पांच से छह दुकानों के निर्माण की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिए। उनका कहना था कि इससे नगर निगम की आय बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। निरीक्षण के दौरान वरुणापार के जोनल अधिकारी जितेंद्र आनंद, सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, सहायक अभियंता (सिविल), सफाई निरीक्षक सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।