बनारस में गैस सिलेंडर की किल्लत और महंगाई से सपा महिला सभा कार्यकर्ताओं में आक्रोश, खाली सिलेंडर व बर्तन लेकर सड़क पर उतरीं, किया प्रदर्शन 

बढ़ती महंगाई और रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत के विरोध में समाजवादी पार्टी की महिला सभा ने जोरदार प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष संगीता पटेल के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया और अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की। कार्यकर्ता खाली सिलेंडर और बर्तन लेकर सड़क पर उतरीं। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों के चलते उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है।  
 

वाराणसी। बढ़ती महंगाई और रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत के विरोध में समाजवादी पार्टी की महिला सभा ने जोरदार प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष संगीता पटेल के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया और अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की। कार्यकर्ता खाली सिलेंडर और बर्तन लेकर सड़क पर उतरीं। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों के चलते उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है।  

कार्यकर्ताओं ने कहा कि रसोई गैस, जो कभी आम आदमी की पहुंच में हुआ करती थी, अब धीरे-धीरे उसकी पहुंच से बाहर होती जा रही है। उनका आरोप था कि सिलेंडर वितरण व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है, जिससे लोगों को समय पर गैस नहीं मिल पा रही है। इसके कारण घरों में भोजन बनाने तक की समस्या उत्पन्न हो रही है।

सभा की नेताओं ने अपने संबोधन में सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि केवल वादों और भाषणों से जनता की समस्याएं हल नहीं होतीं। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर स्थिति बेहद चिंताजनक है और आम लोगों को किसी भी प्रकार की राहत नहीं मिल रही है। महंगाई ने घरेलू बजट को बुरी तरह प्रभावित किया है, जिससे परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

प्रदर्शन के अंत में महिला सभा की ओर से प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा गया। इसमें गैस सिलेंडर की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने और बढ़ती कीमतों पर तत्काल नियंत्रण लगाने की मांग की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक व तेज किया जाएगा।