मिशन 2027 के लिए सपा ने तेज की तैयारी, वाराणसी पहुंचने पर शिवपाल यादव का भव्य स्वागत

उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव सोमवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत वाराणसी पहुंचे। वाराणसी से मिर्जापुर रवाना होने के दौरान मिर्जामुराद क्षेत्र के शिवरामपुर चट्टी पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। सैकड़ों की संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ उनका अभिनंदन किया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
 

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव सोमवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत वाराणसी पहुंचे। वाराणसी से मिर्जापुर रवाना होने के दौरान मिर्जामुराद क्षेत्र के शिवरामपुर चट्टी पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। सैकड़ों की संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ उनका अभिनंदन किया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

स्वागत समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं ने शिवपाल सिंह यादव को पूज्य बाबा अड़गड़ानंद महाराज का चित्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के समर्थन में जमकर नारेबाजी हुई और कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत का संकल्प भी दोहराया। शिवपाल सिंह यादव ने अपने वाहन से ही हाथ जोड़कर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया और उनके स्नेह एवं समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।

स्वागत के बाद शिवपाल सिंह यादव अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मिर्जापुर स्थित मां विंध्यवासिनी धाम के लिए रवाना हो गए। वहां उन्होंने दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की सफलता के लिए आशीर्वाद लेने का कार्यक्रम तय किया था। उनके काफिले के आगे बढ़ने तक कार्यकर्ता सड़क किनारे खड़े होकर उनका अभिवादन करते रहे।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के जोनल प्रभारी प्रेम शंकर यादव ने कहा कि पार्टी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। उन्होंने बताया कि शिवपाल सिंह यादव मां विंध्यवासिनी के दर्शन के साथ-साथ पूज्य बाबा अड़गड़ानंद महाराज का भी आशीर्वाद प्राप्त करेंगे तथा आयोजित भंडारे में शामिल होकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के अभियान में जुटी हुई है।