शक्तिपीठ माता विशालाक्षी को अर्पित किया रजत मुकुट, अभिषेक और श्रृंगार कर मां को कराया गया धारण 

फाल्गुन शुक्ल पक्ष दशमी तिथि, रविवार को शक्तिपीठ माता विशालाक्षी देवी को भव्य रजत मुकुट धारण कराया गया। हैदराबाद के श्रद्धालु ब्रम्हाइया कुराबाला कोटा और जय जी ने माता के दोनों विग्रहों के लिए आधा किलो वजन के दो रजत मुकुट भेंट किए।
 

वाराणसी। फाल्गुन शुक्ल पक्ष दशमी तिथि, रविवार को शक्तिपीठ माता विशालाक्षी देवी को भव्य रजत मुकुट धारण कराया गया। हैदराबाद के श्रद्धालु ब्रम्हाइया कुराबाला कोटा और जय जी ने माता के दोनों विग्रहों के लिए आधा किलो वजन के दो रजत मुकुट भेंट किए।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्र ने माता को मुकुट धारण कराया। इससे पूर्व, उन्होंने माता का विधिपूर्वक पंचामृत से अभिषेक किया और नवीन वस्त्र, हार एवं पुष्पों से माता का दिव्य श्रृंगार किया। मुकुट धारण कराने के पश्चात माता की भव्य आरती संपन्न हुई, जिसमें भक्तों ने श्रद्धाभाव से भाग लिया।

माता विशालाक्षी देवी, काशी के प्रमुख शक्तिपीठों में से एक हैं और श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र हैं। रजत मुकुट अर्पण के इस पावन अवसर पर मंदिर प्रांगण में भक्तों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। इस आयोजन ने भक्तों को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।