चिरईगांव में 4.98 करोड़ से बिछेगी सीवर लाइन, छह गांवों को मिलेगी जलभराव से राहत
कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने किया शिलान्यास, 3480 मीटर लंबी सीवर लाइन का निर्माण जल्द होगा शुरू
वाराणसी। चिरईगांव क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जलनिकासी की समस्या के समाधान की दिशा में शुक्रवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने चिरईगांव में सीवर लाइन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। विकास प्राधिकरण की अवस्थापना निधि से इस परियोजना के लिए 4 करोड़ 98 लाख 22 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके तहत 3480 मीटर लंबी सीवर लाइन बिछाई जाएगी, जिससे आधा दर्जन गांवों के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
शिलान्यास के दौरान कैबिनेट मंत्री ने कहा कि चिरईगांव के निवासियों को लंबे समय से जलनिकासी की समस्या से जूझना पड़ रहा था। स्थिति यह थी कि सीवर का पानी लोगों के घरों में घुस जाता था। प्राथमिक विद्यालय और चिरईगांव चौराहे पर भी गंदा पानी जमा होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ती थी।
उन्होंने कहा कि पिछले 17 सितंबर को क्षेत्र में आने के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से जलनिकासी की समस्या दूर कराने का वादा किया था। मुख्य विकास अधिकारी से वार्ता कर सर्वे कराया गया और सीवर लाइन के लिए धनराशि स्वीकृत कराई गई। शुक्रवार को शिलान्यास के साथ ही इस दिशा में कदम आगे बढ़ाया गया है। निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा।
इन गांवों से होकर गुजरेगी सीवर लाइन
प्रस्तावित सीवर लाइन चिरईगांव से शुरू होकर रुस्तमपुर, गोपालपुर, दीनापुर, रघुनाथपुर और सलारपुर होते हुए नाले के रास्ते वरुणा नदी में पहुंचेगी। इससे संबंधित गांवों में जलनिकासी की व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। इस दौरान मंत्री ने फुटहवानार से गौराकला मार्ग की चौड़ाई पांच मीटर किए जाने की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सड़क की नापी का कार्य पूरा हो चुका है।
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष कमलेश मौर्य, मंत्री प्रतिनिधि संजय सिंह, गोपाल भारद्वाज, ग्राम प्रधान रमेश सोनकर, पूर्व ग्राम प्रधान धनंजय सिंह मौर्य समेत कई भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।