61.38 करोड़ की सीवर-पेयजल परियोजना से बदलेगी हुकुलगंज की तस्वीर, हर घर तक पहुंचेगी मूलभूत सुविधाएं

हुकुलगंज वार्ड में वर्षों से चली आ रही सीवर, जलभराव और पेयजल की समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में शनिवार को बड़ा कदम उठाया गया। मां सिद्धेश्वरी मंदिर के पास आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल और महापौर अशोक कुमार तिवारी ने संयुक्त रूप से 61.38 करोड़ रुपये की लागत वाली सीवर एवं पेयजल परियोजना का भूमि पूजन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
 

वाराणसी। हुकुलगंज वार्ड में वर्षों से चली आ रही सीवर, जलभराव और पेयजल की समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में शनिवार को बड़ा कदम उठाया गया। मां सिद्धेश्वरी मंदिर के पास आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल और महापौर अशोक कुमार तिवारी ने संयुक्त रूप से 61.38 करोड़ रुपये की लागत वाली सीवर एवं पेयजल परियोजना का भूमि पूजन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत 42.62 करोड़ रुपये की लागत से 13.887 किलोमीटर लंबी नई सीवर लाइन तथा 18.76 करोड़ रुपये की लागत से 23.85 किलोमीटर लंबी पेयजल पाइप लाइन बिछाई जाएगी। परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र के प्रत्येक घर को निःशुल्क सीवर और पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे हुकुलगंज की वर्षों पुरानी मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है।

राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वाराणसी में आधारभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हुकुलगंज वार्ड के लगभग 75 प्रतिशत घर लंबे समय से सीवर और पेयजल की समस्या से जूझ रहे थे। इस परियोजना के पूरा होने के बाद नागरिकों को जलभराव, गंदे पानी और सीवर संबंधी परेशानियों से राहत मिलेगी तथा उनके जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार होगा।

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि नगर निगम और उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) इस परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए समन्वय के साथ कार्य करेंगे। उनका कहना था कि काशी के प्रत्येक वार्ड को आधुनिक और सुविधायुक्त बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है। नई पाइप लाइन बिछने के बाद आने वाले कई दशकों तक क्षेत्रवासियों को सीवर जाम और दूषित पेयजल जैसी समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ेगा।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय), नगर निगम और जलकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। क्षेत्रीय पार्षद बृजेश चंद्र श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना हुकुलगंज के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। समारोह में कई पार्षदों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी भाग लिया।