कैंट विधानसभा के दो वार्डों में 225 करोड़ से बिछेगी सीवर और पेयजल पाइप लाइन, बनेगी सड़क, हुआ भूमिपूजन 

मानसून की विदाई के साथ ही काशी में विकास की बड़ी परियोजनाओं ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। कैंट विधानसभा क्षेत्र के सरायनंदन और बिरदोपुर वार्ड में रविवार को 225 करोड़ रुपये की लागत से सीवर, पेयजल पाइपलाइन और सड़क पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। महापौर अशोक कुमार तिवारी और कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने भूमि पूजन कर निर्माण कार्यों की शुरुआत कराई। उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) की देखरेख में परियोजनाओं को पूरा किया जाएगा।
 

वाराणसी। मानसून की विदाई के साथ ही काशी में विकास की बड़ी परियोजनाओं ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। कैंट विधानसभा क्षेत्र के सरायनंदन और बिरदोपुर वार्ड में रविवार को 225 करोड़ रुपये की लागत से सीवर, पेयजल पाइपलाइन और सड़क पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। महापौर अशोक कुमार तिवारी और कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने भूमि पूजन कर निर्माण कार्यों की शुरुआत कराई। उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) की देखरेख में परियोजनाओं को पूरा किया जाएगा।

सरायनंदन में 110 करोड़ से बिछेगी 55 किमी सीवर लाइन
सरायनंदन वार्ड के दशमी रामलीला मैदान क्षेत्र में करीब 110 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके तहत 55 किलोमीटर लंबी सीवर और पेयजल पाइपलाइन बिछाने के साथ सड़कों का पुनर्निर्माण किया जाएगा। इससे क्षेत्र में लंबे समय से बनी सीवर और पेयजल संबंधी समस्याओं के समाधान की उम्मीद है।

बिरदोपुर में 115 करोड़ से होगा काम
बिरदोपुर के कैलाश मठ और गिरी नगर एकता पार्क के पास 115 करोड़ रुपये की परियोजना का शुभारंभ हुआ। इसमें 58 करोड़ रुपये से सीवर लाइन तथा 57 करोड़ रुपये से पेयजल पाइपलाइन और गृह संयोजन का काम कराया जाएगा। दोनों वार्डों में अलग-अलग आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि और पार्षद मौजूद रहे।

सात महीने की परेशानी, दशकों तक राहत का दावा
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा के मार्गदर्शन में काशी में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि सीवर और पेयजल पाइपलाइन बिछाने में करीब सात महीने का समय लग सकता है। इस दौरान लोगों को आवागमन में अस्थायी परेशानी हो सकती है। हालांकि, महापौर के अनुसार, नई व्यवस्था से अगले 70 से 75 वर्षों तक सीवर जाम और ओवरफ्लो की समस्या से राहत मिलने के साथ शुद्ध पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

22 वार्डों में 2161 करोड़ से बिछेंगी पाइपलाइन
नगर निगम के अनुसार, अमृत-2.0 योजना के तहत शहरी क्षेत्र के 22 प्रभावित वार्डों में 2161 करोड़ रुपये की लागत से बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाना है। इसके अंतर्गत 353.13 किलोमीटर सीवर लाइन और 651.64 किलोमीटर पेयजल पाइपलाइन बिछाने की योजना है। कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षदों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। सरायनंदन में कार्यक्रम का संचालन राहुल सिंह और बिरदोपुर में अशोक पटेल ने किया।