नाव में सवारी बैठाने को लेकर तेलियानाला घाट पर मारपीट, कई लोगों पर मुकदमा दर्ज

आदमपुर थाना क्षेत्र के तेलियानाला घाट पर नाव लगाने और सवारी बैठाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की नौबत आ गई। घटना के बाद घाट क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
 

वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के तेलियानाला घाट पर नाव लगाने और सवारी बैठाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की नौबत आ गई। घटना के बाद घाट क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

शुक्रवार को घाट पर नाव संचालन को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए और जमकर मारपीट की। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह स्थिति को संभालने की कोशिश की।

एक पक्ष की ओर से संगीता देवी ने तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि उनके परिवार के सदस्य राजकुमार साहनी, छोटू साहनी और अन्य लोग नाव संचालन कर रहे थे, तभी दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंचे और विवाद करने लगे। वहीं दूसरे पक्ष ने भी आरोप लगाया कि घाट पर नाव लगाने को लेकर उन्हें रोका जाता है और आए दिन दबाव बनाया जाता है।

दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाटों पर नाव संचालन को लेकर अक्सर इस तरह के विवाद सामने आते रहते हैं, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है।