रोहनियां विधानसभा में 3.26 करोड़ से कराए जाएंगे कई विकास कार्य, विधायक ने किया शिलान्यास
वाराणसी। रोहनियां विधानसभा में 3.26 करोड़ की लागत से कई विकास कार्य कराए जाएंगे। इनमें सड़क, जलनिकासी समेत तमाम परियोजनाएं शामिल हैं। शुक्रवार को रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल तथा विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने संयुक्त रूप से शिलान्यास किया।
विकास कार्य वर्ष 2024-25 के लिए स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें सड़क, सीवर निर्माण, इंटरलॉकिंग, सीसी रोड और जल निकासी से संबंधित महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। प्रमुख कार्यों में सीर गोवर्धनपुर में इंटरलॉकिंग और जल निकासी कार्य, सड़क एवं सीवर निर्माण कार्य, करौंदी नासीरपुर में सड़क निर्माण, सुसुवाही स्थित प्रज्ञापुरी कॉलोनी में सीसी रोड एवं जल निकासी कार्य शामिल हैं।
इसके साथ ही कंदवा स्थित आनंद नगर कॉलोनी, राजीव नगर कॉलोनी, मणिनगर कॉलोनी तथा शिवाजी नगर क्षेत्र में सीसी रोड और नाली निर्माण का शिलान्यास किया गया। वहीं ककरमत्ता स्थित पारस पार कॉलोनी में सीसी सड़क निर्माण तथा पहाड़ी स्थित लक्ष्मी नगर में सीसी रोड और जल निकासी के व्यापक कार्यों की शुरुआत की गई। शिवदासपुर में इंटरलॉकिंग और जल निकासी कार्य भी इस विकास सूची में शामिल है।
विधायक और एमएलसी ने सरकार के विकास कार्यों का बखान किया। कहा कि रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बुनियादी ढांचे का सुदृढ़ीकरण ही सरकार की प्राथमिकता है, चाहे वह सड़कें हों, नालियाँ हों या शहरी सुविधाएं। दोनों नेताओं ने जोर दिया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से हजारों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और स्थानीय बस्तियों को बेहतर यातायात, स्वच्छता और जल निकासी की सुविधाएं प्राप्त होंगी।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। प्रमुख रूप से पार्षद सुरेश पटेल गुड्डू, पार्षद श्याम भूषण शर्मा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. महेंद्र सिंह पटेल, क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र पटेल, राष्ट्रीय सचिव युवा मंच अजीत पटेल, जिलाध्यक्ष युवा मंच मानस, विधानसभा अध्यक्ष बसंत लाल पटेल, संजीव सिंह, पार्षद गीता सिंह, पार्षद सुशीला देवी, पार्षद बेबी कुमारी, पार्षद रविंद्र कुमार सोनकर, गोपाल पटेल, राजू वर्मा, अजय कुमार बिंद, जेई पंकज पटेल, अमर चंद्र गुप्ता, मुन्नू कुमार राम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।