नदेसर में सड़क पर अतिक्रमण करने वाले सात दुकानदारों पर मुकदमा, अंधरापुल-कचहरी मार्ग पर जाम, चेतावनी के बाद भी नहीं हटाया सामान
वाराणसी। नदेसर में मुख्य सड़क पर अतिक्रमण कर कार एसेसरीज का कारोबार करने वाले सात दुकानदारों के खिलाफ कैंट पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। दुकानदारों की ओर से सड़क तक सामान फैलाकर कारोबार किए जाने से अंधरापुल-कचहरी मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो रहा था। इससे राहगीरों को जाम और आवागमन की परेशानी झेलनी पड़ रही थी। पूर्व में मौखिक चेतावनी दिए जाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने पर पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर को गश्त के दौरान अंधरापुल से कचहरी जाने वाले मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण की स्थिति सामने आई। जांच में पाया गया कि नदेसर क्षेत्र में कई दुकानदार सड़क तक कार एसेसरीज का सामान फैलाकर कारोबार कर रहे थे। इससे मार्ग पर जाम की स्थिति बन रही थी। नदेसर चौकी प्रभारी की तहरीर पर कैंट थाने में सात दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस के मुताबिक, संबंधित दुकानदारों को पहले भी मौखिक रूप से चेतावनी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद सड़क पर अतिक्रमण कर कारोबार जारी रखा गया। पुलिस ने कारोबार से संबंधित अनुमति के दस्तावेज भी मांगे थे, लेकिन दुकानदार कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके चलते यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ स्थानीय लोगों और राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ रही थी।
थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। अन्य दुकानदारों को भी चेतावनी दी गई है। सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।