IIT BHU के सात शोधार्थी भारत-जापान LOTUS कार्यक्रम के लिए चयनित, जापान के विश्वविद्यालयों व शोध संस्थानों में रिसर्च का मिलेगा मौका
वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय शोध सहयोग के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज करते हुए आईआईटी बीएचयू के सात पीएचडी शोधार्थियों का प्रतिष्ठित LOTUS Program (India–Japan Circulation of Talented Young Researchers in Science) के लिए चयन हुआ है। देशभर के विभिन्न उच्च शिक्षण एवं शोध संस्थानों से कुल 285 शोधार्थियों का चयन किया गया है, जिनमें सात शोधार्थी आईआईटी (बीएचयू) से हैं। यह उपलब्धि संस्थान की सशक्त शोध परंपरा और वैश्विक पहचान को रेखांकित करती है।
LOTUS कार्यक्रम भारत और जापान के बीच द्विपक्षीय वैज्ञानिक सहयोग को बढ़ावा देने की एक संयुक्त पहल है। इसके अंतर्गत चयनित भारतीय शोधार्थियों को जापान के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों एवं शोध संस्थानों में उन्नत शोध कार्य करने का अवसर मिलेगा। इस दौरान उनका मार्गदर्शन भारतीय और जापानी संकाय सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य दीर्घकालिक शैक्षणिक साझेदारी, नवाचार और वैज्ञानिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करना है।
चयनित शोधार्थियों में ज्ञानदीप (रासायनिक अभियांत्रिकी), जय नारायण मिश्रा (भौतिकी), सोहम मुखर्जी (सिरेमिक अभियांत्रिकी), जतिन (फार्मास्युटिकल अभियांत्रिकी), शिवम पांडेय (मैटेरियल्स साइंस), राहुल तिवारी (सिरेमिक अभियांत्रिकी) तथा निशी सिंह (सिविल अभियांत्रिकी) शामिल हैं। इन सभी शोधार्थियों ने अपने-अपने विषयों में उल्लेखनीय शोध कार्य किया है।
संस्थान के प्रोफेसर-इन-चार्ज (अंतरराष्ट्रीय संबंध) प्रो. संतोष के. सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम जापान की वैज्ञानिक एवं तकनीकी क्षमताओं को सुदृढ़ करने के साथ भारत के प्रतिभाशाली शोधार्थियों को वैश्विक मंच से जोड़ने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि 285 में से सात शोधार्थियों का आईआईटी (बीएचयू) से चयन होना संस्थान की उत्कृष्ट मार्गदर्शन प्रणाली और शोध वातावरण का प्रमाण है।
निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल चयनित शोधार्थियों बल्कि पूरे संस्थान परिवार के लिए प्रेरणादायक है। भारत–जापान वैज्ञानिक सहयोग से नवाचार और प्रौद्योगिकी विकास के नए आयाम स्थापित होंगे तथा शोधार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।